पानीपत। थाना सेक्टर-29 क्षेत्र में शुक्रवार शाम को हरिद्वार रोड पर हुए सड़क हादसे में घायल प्रमोद निवासी बराना गांव की मौत हो गई। कैंटर चालक ने सामने चल रही गाड़ी में टक्कर मार दी थी। प्रमोद के भतीजे ने थाने में शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने कैंटर को अपने कब्जे में ले लिया।
बराना गांव के अक्षय ने बताया कि उनके चाचा प्रमोद की निंबरी में श्री दुर्गा मैटेलेक्स नाम से कंपनी है। शुक्रवार शाम को सूचना मिली कि उनके चाचा सड़क दुर्घटना में घायल हो गए हैं और गंभीर हालत में जीटी रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। वह तुरंत ही अस्पताल में पहुंचे। जहां पर उन्हें कंपनी के ड्राइवर अशोक मिले।
अशोक ने बताया कि वह शाम को गाड़ी लेकर समालखा से निंबरी जा रहे थे। गाड़ी में प्रमोद कुमार भी सवार थे। जैसे ही वह हरिद्वार रोड पर नाले के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे कैंटर ने उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी, जिससे उनकी गाड़ी आगे चल रहे ट्रैक्टर-ट्राॅली से टकरा गई थी। हादसे में प्रमोद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उपचार के दौरान देर रात को उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। कैंटर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है। संवाद