जीटी रोड एनएच 44 पर वीरवार रात करीब 10 बजे राजस्थान पथ परिवहन की बस की टक्कर लगने से यूपी नंबर की एक ईको वैन में आग लगने से एक युवती जिंदा जल गई और तीन यात्री घायल हो गए। बस चालक ईको को करीब 50 मीटर तक घसीटता ले गया।
सीएनजी किट फटना आग लगने का प्रथम दृष्टया कारण सामने आया है। ईको आगे चल रही हेक्टर गाड़ी के एक अन्य गाड़ी से टक्कर के बाद खड़ी थी। इसमें लोग ईद पर पानीपत से बरेली जा रहे थे। इसके बाद जीटी रोड की करनाल लेन पर लंबा जाम लग गया। समालखा थाना पुलिस और यातायात थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर करीब एक घंटे में रास्ता सामन्य किया।
कुरुक्षेत्र के सुनील कुमार ने बताया कि वह अपनी हेक्टर गाड़ी में दिल्ली एयरपोर्ट पर अपनी बहन को लेने जा रहा था। वह जीटी रोड पर उत्सव गार्डन के नजदीक पहुंचा तो एक सेलेरियो गाड़ी खराब हालत में खड़ी थी। उनकी गाड़ी की उससे टक्कर हो गई। वह अपनी गाड़ी को एक तरफ कर रहा था, इसी समय यूपी नंबर की एक ईको के चालक ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी।
वे ईको सवार यात्रियों को नीचे उतार रहे थे। इसमें करीब आठ यात्री थे। पांच को उतार लिया गया था बाकी तीन ईको में थे। उसी समय राजस्थान पथ परिवहन की बस का चालक तेज गति में आया और ईको को पीछे से टक्कर मार दी। बस की टक्कर लगते ही ईको दूसरी तरफ घूम गई। चालक बस के साथ ईको को करीब 50 मीटर तक घसीटता ले गया।
ईको में धमाके के साथ आग लग गई। लोगो ने पुलिस को सूचना दी। समालखा थाना पुलिस और यातायात पुलिस मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने मौके पर आकर आग पर काबू पाया। ईको में एक युवती जिंदा जली मिली और तीन सवारी घायल हो गईं। पुलिस शव को अस्पताल में ले गई। यहां से पानीपत जिला नागरिक अस्पताल भेज दिया। तीनों घायलों को सामान्य अस्पताल ले गए।
ईद पर जा रहे थे बरेली घर
ईको सवार एक ने बताया कि वह इंडो फार्म पानीपत में रहते हैं। वह बरेली ईद मनाने अपने घर जा रहे थे। उन्होंने पांच सदस्यों ने किराए पर ईको की थी। चालक ने रास्ते में तीन और सवारियों को बैठा लिया था।
जीटी रोड पर लगा लंबा जाम
वीरवार देर रात 10 बजे एक के बाद तीन गाड़ियों के टकराने से और एक में आग लगने के बाद पानीपत दिल्ली लेन पर लंबा जाम लग गया। करीब तीन किलोमीटर लंबे जाम को खुलवाने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
जीटी रोड पर उत्सव गार्डन के नजदीक ईको में आग लगने से एक युवती जिंदा जल गई। इसमें तीन यात्री घायल हुए हैं।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु किया है। बस चालक के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
-गुलशन, प्रभारी, थाना पुलिस समालखा, पानीपत