सनौली रोड पर अतिक्रमण हटाते निगम की टीम। स्रोत : सोशल मीडिया
पानीपत। नगर निगम की भवन शाखा ने मंगलवार को सनौली रोड पर दुकानों के थड़ों को तोड़ा। टीम ने इस दौरान दोनों तरफ करीब 100 दुकानों के थड़े तोड़े। कई दुकानदारों ने एकजुट होकर विरोध भी किया। निगम अधिकारियों ने इन सबके बीच कार्रवाई जारी रखी। वार्ड-नौ के पार्षद कमल अरोड़ा ने अपने फर्नीचर शोरूम के थड़े को उखड़वाया।
एक्सईएन गाेपाल कलावत की अगुवाई में नगर निगम की टीम मंगलवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान के अंतर्गत कार्रवाई करने सनौली रोड पर पहुंची। टीम ने दिल्ली जूस कॉर्नर से सड़क के दोनों तरफ दुकानों के बाहर बने थड़ों को तोड़ना शुरू किया। दुकानदार रमेश, हरीश और दीपक ने बताया कि लोगों की सुविधा के लिए दुकान में चढ़ने व उतरने का रास्ता बनाया गया है। निगम ने अब इनको तोड़ना शुरू कर दिया है। इससे लोगों को परेशानी होगी। दुकानदारों ने कहा कि निगम ने पिछले दिनों बोर्ड लगाने के नोटिस दिए थे। यह मामला शांत हुआ तो अब थड़े तोड़ने शुरू कर दिए हैं। बाजार में पहले से मंदा छाया हुआ है। वार्ड-नौ के पार्षद कमल अरोड़ा ने कहा कि निगम शहर के हित को देखते हुए काम कर रही है। थड़ों के हटने पर पानी निकासी तेज होगी। लोगों के साथ दुकानदारों को बारिश के सीजन में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होगी।