माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। थाना पुराना औद्योगिक क्षेत्र के शोंधापुर गांव में 10वीं की छात्रा ने स्कूल से लौटकर जहरीला पदार्थ खा लिया। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ी तो परिजनों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच की। परिजनों ने कहा कि छात्रा काफी समय से मानसिक रूप से परेशान थी। उन्होंने कार्रवाई से इन्कार कर दिया।
थाना पुराना औद्योगिक प्रभारी देवेंद्र ने बताया कि मंगलवार रात को सूचना मिली थी कि क्षेत्र के एक गांव में किशोरी ने आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच की। परिजनों ने बताया कि किशोरी के पिता दो भाई हैं। बड़े भाई के पास चार लड़की हुईं। जन्म के तुरंत बाद किशोरी को उन्होंने गोद ले लिया था। इसके बाद से ही उसका लालन पालन वहीं कर रहे थे। वह गांव के ही स्कूल में कक्षा 10वीं की छात्रा थी।
मंगलवार को वह स्कूल गई थी। करीब दो बजे वह वापस आई। इसके बाद उसने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। उसकी हालत बिगड़ी तो मां ने इसकी सूचना परिजनों को दी। जिसके बाद उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। लेकिन शाम को उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि वह कई दिन से मानसिक रूप से परेशान थी। परिजनों ने कार्रवाई से इन्कार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।