समालखा। गांव नारायणा के पास दिल्ली पैरेलल नहर में सीढ़ियाें पर नहाते समय तीन किशोर पानी में गिर गए। शोर मचाने पर ग्रामीणों ने मशक्कत से दो को बचा लिया, जबकि तीसरा बह गया। सूचना मिलने पर एसडीएम सहित डीएसपी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तीसरे किशोर को ढूंढने के लिए पानीपत और मधुबन से गोताखोर बुलाए हैं।
विकास नगर, हथवाला रोड निवासी ललित ने बताया कि वह बहु तकनीकी का छात्र है। बुधवार सुबह वह अपने चचेरे भाई सुमित (12) और पड़ोसी मुकुल (14) के साथ गांव टिटाना में अपने एक दोस्त से किताब लेने गया था। वापसी में वह नारायणा में दिल्ली पैरेलल नहर पर सीढ़ियों में बैठकर नहाने लगे। इस दौरान सुमित और मुकुल आगे निकल गए। नहाते समय मुकुल डूबने लगा तो उसने सुमित का हाथ पकड़ लिया, जिससे वे दोनों डूबने लगे। दोनों को बचाने के प्रयास में वह भी पानी के तेज बहाव में बहने लगा। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया तो वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने उसे तथा सुमित को बचा लिया। लेकिन मुकुल पानी के तेज बहाव में बह गया। स्थानीय लोगों ने उसे ढूंढने का प्रयास किया। लेकिन सफलता नहीं मिली।
सूचना मिलने पर एसडीएम सतपाल सिंह, डीएसपी बली सिंह सहित प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। एसआई जय भगवान ने बताया कि मुकुल को ढूंढने के लिए पानीपत और मधुबन से गोताखोराें को बुलाया है।
आदेशों की हो रही अवहेलना
नहर में नहाने के दौरान डूबने से हर वर्ष कई लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ता है। इसे देखते हुए पिछले वर्ष डीसी ने नहर में नहाने पर पाबंदी लगा दी थी। नहरों के किनारे बोर्ड भी लगाए थे। इसके बावजूद अधिकारी के आदेश की तामील नहीं हो रही और आदेश की धज्जियां उड़ाते हुए जहां युवा वर्ग नहर में नहाने से परहेज नहीं कर रहा है, वहीं प्रशासन को भी इसकी जानकारी होने के बावजूद वह आंखें मूंदकर बैठा है।