सोनीपत। जिला सीआईए पुलिस ने दो माह पहले थाना खरखौदा में दर्ज लूट व डकैती के मामले का पटाक्षेप करते हुए मंगलवार को आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा। पत्रकाराें को जानकारी देते हुए पुलिस मुख्यालय में डीएसपी रकम सिंह ने बताया कि 26 जनवरी को हलालपुर निवासी सोमबीर पुत्र महेन्द्र सिंह ने थाना खरखौदा में शिकायत दी थी कि वह हलालपुर की कंपनी से चालक गांव हलालपुर निवासी संदीप पुत्र राजेन्द्र के साथ करीब 2200 पीस सनमाइका लोड करके जयपुर जा रहा था। जब वह सांपला चौक खरखौदा पहुंचे तो पीछे से आ रही एक स्कारपियो गाड़ी उनके कैंटर के आगे आकर रुक गई। गाड़ी से उतरे दो युवक पिस्तौल के दम पर कैंटर लूटकर भाग गए। शिकायत में बताया गया था कि लुटेरे उसका पर्स जिसमें छह हजार रुपये, सोने की अगुंठी व मोबाइल और ड्राईवर के पर्स से लाइसेंस, कैंटर के कागजात भी ले गए। खरखौदा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच सीआईए पुलिस को सौंपा गया था।
डीएसपी ने बताया कि सीआईए के एएसआई नरेश कुमार, हवलदार सोमदत, जितेन्द्र व हरिओम सैदपुर चौक गश्त कर रहे थे कि इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि सनमाइका लूट की घटना झूठी थी और शिकायतकर्ता ने ही फैक्टरी के मालिक के साथ ही मिलकर ड्रामा रचा था। सूचना के बाद पुलिस ने आरोपी गांव हलालपुर निवासी कैंटर मालिक सोमबीर पुत्र महेन्द्र और कैंटर चालक संदीप पुत्र राजेन्द्र को काबू कर लिया। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि हमने फैक्टरी मालिक आलोक पुत्र सत्यनारायण निवासी प्रीतमपुरा दिल्ली के कहने पर ड्रामा रचा था। आरोपियों ने स्वीकार किया कि सनमाइका को बेचकर व कैंटर को कबाड़ में कटवाकर फाइनेंस कंपनी से क्लेम वसूलने के लिए उन्होंने फैक्टरी मालिक के साथ ड्रामा रचा था। डीएसपी ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन लाख नवासी हजार रुपये की सनमाइका के 2260 पीस भी बरामद किए हैं। पुलिस आरोपियों को बुधवार सुबह न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेगी।