पानीपत। शहर स्थित माडर्न रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के कोई पुख्ता प्रबंध नहीं हैं। स्टेशन पर सुरक्षा के उपकरण भी नजर नहीं आते। अधिकारी भी यात्रियों की सुरक्षा पर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। किसी भी सार्वजनिक जगह की सबसे पहली मांग उसकी सुरक्षा की होती है लेकिन जिला स्टेशन पर सुरक्षा प्रबंध न के बराबर हैं।
मेन गेट पर नहीं डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर
किसी भी माडर्न स्टेशन के मेन गेट मुख्य द्वार पर मेटल डिटेक्टर का होना आवश्यक है। कोई भी संदिग्ध व्यक्ति जब किसी विस्फोटक या अन्य खतरनाक पदार्थ के साथ मेटल डिटेक्टर में से होकर गुजरता है तो यह मशीन उसकी सूचना दे देती है। स्टेशन पर मेटल डिटेक्टर न होने के कारण कोई भी संदिग्ध स्टेशन परिसर में आसानी से प्रवेश कर सकता है।
खराब हो गई थी मशीन
पुलिस अधिकारियों की मानें तो काफी समय पहले स्टेशन के मुख्य द्वार पर डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर मशीन रखी र्हुई थी। मशीन में कोई तकनीकी खराबी आ गई थी जिसको बाद में ठीक नहीं करवाया गया और उसे वहां से हटाकर गोदाम में रख दिया गया।
चारों तरफ से खुला है स्टेशन
रेलवे स्टेशन चारों तरफ से खुला हुआ है। कोई भी शरारती तत्व इसका आसानी से लाभ उठा सकते है। इसको कवर करने की तरफ भी कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। स्टेशन की तोड़फोड़ करके कुछ सुधार तो किए जा रहे हैं लेकिन चारों ओर की बाउंडरी या इसके प्रवेश द्वारा की तरफ अधिकारियों का ध्यान नहीं है।
वर्जन
जब तक स्टेशन चारों तरफ से कवर नहीं होगा तब तक डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर लगाने का ज्यादा लाभ नहीं है। सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक नहीं है। जीआरपी के कर्मचारी हर समय सतर्क रहते हैं। हर यात्री पर नजर रहती है।
बलजीत कुंडू, जीआरपी थाना प्रभारी
वर्जन
स्टेशन की सुरक्षा का जिम्मा जीआरपी और आरपीएफ का है। वे अपने कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतते। आज तक किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई है।
इंद्रपाल खोसला, स्टेशन अधीक्षक, रेवले स्टेशन पानीपत।