गन्नौर (सोनीपत)। गांव सांदल कलां में चोरों ने पशुपालक को कमरे में बंद कर दीवार तोड़कर उसके पशुओं को चोरी करने का प्रयास किया। कमरे में बंद पशुपालक ने अपने परिजनों को मामले अवगत करवाया। इसके बाद ग्रामीणों के आने के कारण पशु चोर मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों ने घटना स्थल के पास ही पर कैंटर और ट्रैक्टर बरामद किए है। पुलिस ने उन्हें भी कब्जे में ले लिया है। शक है कि चोर पशुओं को ले जाने के लिए कैंटर और ट्रैक्टर लेकर आए थे। पुलिस कैंटर और ट्रैक्टर मालिकों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
गांव सांदल कलां निवासी कृष्ण सोमवार रात को गांव के बाहर अपने पशुओं के बाड़े में सो रहा था। मंगलवार तड़के अचानक आवाज आने के कारण उसकी आंख खुल गई। उसने दरवाजा खोलकर बाहर आने का प्रयास किया जो दरवाजा बंद मिला। इसके बाद उसने खिड़की से देखा कि उसके पशुओं के बाड़े की दीवार टूटी थी और कुछ व्यक्ति पशु ले जा रहे थे। उसने शोर मचा और चोर भागने लगे। उसने मोबाइल से परिजनों को फोन कर घटना की सूचना दी। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर कमरे को बाहर से खोला। कृष्ण और उसके परिजनों ने गांव में तलाश की तो कुछ दूर उसके पशु मिल गए। ग्रामीणों ने घटना स्थल से कुछ दूरी पर एक कैंटर व ट्रैक्टर लावारिस अवस्था में बरामद किया।