पानीपत। एक माह में करीब अपराध की 20 बड़ी घटनाओं से लोगों का विश्वास पुलिस से उठता जा रहा है। थाना शहर में दो-दो डीएसपी होने के बावजूद चोरी, लूट और ठगी की वारदात बढ़ रही हैं। औसतन यानी हर डेढ़ दिन में एक वारदात हो रही है। नवंबर में सबसे अधिक बोलबाला ठगी का रहा। ठगों ने लोगों को विश्वास लेकर लाख, दो लाख नहीं करोड़ों की ठगी की। सबसे अधिक वारदात थाना शहर के अंतर्गत हुई। दूसरी ओर पुलिस अधिकारी इतनी अधिक वारदात होने के बाद भी अपराध कम होने का दावा कर रहे हैं।
नवंबर माह के पहले हफ्ते में ही स्क्रैप दिलाने के नाम पर 25 लाख की ठगी की वारदात ने लोगों को हिला दिया। लोग इस वारदात को भूले नहीं थे कि दूसरे सप्ताह में जेबीटी कराने के नाम पर 22.50 लाख रुपये ठगे और फिर 22 नवंबर को आनलाइन विज्ञापन कंपनी के नाम पर करीब 20 करोड़ रुपये ठगने की वारदात ने सबको हिला दिया।
पुलिस थाने के सामने लाखों की चोरी
चोरों ने शहर के अन्य हिस्सों के अलावा थाने के सामने भी चोरी कर पुलिस को चुनौती दे दी। 18 नवंबर को जीटी रोड स्थित सोनी के शोरूम का दरवाजा काटकर 20 लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। शोरूम मालिक ने पुलिस को इसकी शिकायत दी। आरोप है कि पुलिस ने 20 लाख की चोरी को 60 हजार में समेट दिया। पुलिस की यहीं कार्रवाई कच्चा कैंप में हुई 20 तोले सोने की चोरी में रही। आरोप है कि पुलिस ने यहां भी चोरी को कम दिखाया।
बड़े अपराध का लेखा-जोखा
2 नवंबर को ट्रक यूनियन में गन प्वाइंट पर दो ट्रकों के टायर और चालक को लूटा।
2 नवंबर को थाना शहर के अंतर्गत बैंक ऑफ बड़ौदा से 35 चेक चोरी।
3 नवंबर को तहसील कैंप निवासी सन्नी मदान ने स्क्रैप दिलाने के नाम पर 25 लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया। उसका गोदाम फतेहपुरी चौक पर है।
6 नवंबर को तहसील कैंप में पीडब्लूडी कर्मी सुभाष को गोली मार दी। इसके आरोपी उसके दूर के रिश्तेदार निकले।
अमर भवन चौक निवासी अनिल ने शिकायत देकर रंधाना, जींद निवसी कुलदीप पर जेबीटी कराने के नाम पर 22.50 लाख ठगने का लगाया आरोप।
9 नवंबर को माडल टाउन निवासी हैंडलूम व्यवसायी और उसके बेटे को गन प्वाइंट पर लेकर आभूषण और नगदी लूटी। इसी दिन न्यू फ्रेंड्स कालोनी में मकान में घुसकर गोली चला दी और फरार हो गए।
11 नवंबर को सेक्टर-18 में बंद मकान से 20 हजार और समान चोरी।
12 नवंबर को इसराना में सत नारायण हलवाई को लिफ्ट देकर लूटा।
15 नवंबर को सेवानिवृत्त महिला टीचर से सोने का कड़ा ठगा।
17 नवंबर को मतलौडा थाने के अंतर्गत गाड़ी चालक से गाड़ी, नगदी और मोबाइल लूटा।
17 नवंबर को कच्चा कैंप स्थित बंद मकान से 20 तोले सोना और 60 हजार रुपये चोरी किए।
17 नवंबर को नूरवाला में मालक सिंह ने खुद को गोली मारी।
18 नवंबर को माडल टाउन थाने के अंतर्गत गढ़ी सिकंदरपुर के पास दंपति के साथ मारपीट कर लूटा।
19 नवंबर को सुताना सरपंच के घर से पांच करोड़ की एफडी समेत आभूषण चोरी किए।
22 नवंबर को थाना शहर के अंतर्गत एक विज्ञापन कंपनी द्वारा आठ हजार लोगों से करीब 20 करोड़ ठगने का मामला उजागर हुआ।
24 नवंबर को बैंक में लाखों का लोन दिलाने के नाम पर दो लोगों से करीब 40 हजार रुपये ठगने का मामला सामने आया।
28 नवंबर को एक युवक की हत्या कर शव ड्रेन नंबर एक में फेंक दिया।
वर्जन
पुलिस शहर समेत पूरे जिले में कानून व्यवस्था कायम करने का प्रयास कर रही है। गत माह की अपेक्षा अपराध कम हुआ है। कुछ लोग लालच में आकर पैसे फंसा देते हैं। लोगों को ऐसे ठगों से बचना चाहिए और किसी भी बिजनेस में पैसा जांच पड़ताल के बाद लगाना चाहिए। इस माह ठगी के कई मामले सामने आए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नरेंद्र सिंह, प्रवक्ता, पुलिस पानीपत