समालखा। शहर में डेंगू के मरीजों की संख्या थमने का नाम नहीं ले रही। लोगों की मानें तो विभाग केवल औपचारिकताएं पूरी कर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ने में लगा है। स्थानीय सीएचसी के अंतर्गत अब भापरा गांव में डेंगू का संदिग्ध मरीज मिला। जिसको सामुदायिक स्वास्थ्य विभाग के डाक्टरों ने इलाज के लिए पीजीआई रेफर कर दिया।
भापरा निवासी शिव कुमार ने बताया कि उसकी पत्नी को करीब 10 दिन पहले तेज बुखार हुआ था। उसका सीएचसी में इलाज चल रहा था। दवाओं से आराम नहीं आने पर उसके कई टेस्ट कराए, लेकिन बीमारी का पता नहीं लगा। इसके बाद उन्होंने डेंगू से संबंधित टेस्ट करवाया। शुक्रवार को मिली रिपोर्ट में पता लगा कि उसके खून में प्लेटलेट्स कम हो रहे हैं। डाक्टर ने उन्हें बताया कि वर्तमान में करीब 90 हजार प्लेटलेट्स हैं जो लगातार कम हो रहे हैं। उसने बताया कि डाक्टर ने डेंगू की आशंका व्यक्त करते हुए उसकी पत्नी को पीजीआई रेफर किया है।
मालूम हो कि इससे पहले भी पट्टी कल्याणा में दो तथा स्थानीय पड़ाव एरिया में भी एक डेंगू का मरीज मिला था। वहीं इस बारे में एसएमओ जितेंद्र त्यागी ने बताया कि डेंगू की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों को इस बारे में जागरूक किया जा रहा है।