सनौली। हरियाणा सरकार प्रदेश को नंबर वन बनाने का दावा कर रही है, वहीं यमुना नदी के टापू पर बसे रहीमपुर खेड़ी गांव में हरियाणा बनने के 46 वर्ष के बाद भी बिजली नहीं पहुंच पाई। यहां के लोग पिछले पांच दशक से काली दीपावली मना रहे हैं। दीपावली के बाद ग्रामीणों को उम्मीद होती है कि शायद अगली दीपावली में गांव रोशन हो, लेकिन आज तक ऐसा नहीं हुआ।
गांव में रहने वाले प्रेम सिंह, सुंदर, नरेश गोस्वामी, राज सिंह और दया राम ने बताया कि उनका गांव हर तरह से समस्याओं से घिरा है। सरकार की एक भी सुविधा गांव तक नहीं पहुंचतीं। बच्चों के लिए पढ़ाई के लिए कोई साधन मौजूद नहीं है। ग्रामीणों को बिजली-पानी, स्वास्थ्य सेवा से भी वंचित रहना पड़ता है। प्रशासन और सरकार से गांव में बाढ़ से बचाने के लिए गांव के चारों और मिट्टी का रिंग बांध, बिजली, पानी और स्कूल की व्यवस्था की मांग करते चले आ रहे हैं।
सीएम से मिलेंगे : विधायक
विधायक धर्म सिंह छौक्कर का कहना है कि गांव में बिजली के तार लगाने के लिए मुख्यमंत्री से मांग की थी। उस समय निगम ने बिजली भेजने में तकनीकी परेशानी बताई थी, अब दोबारा बिजली के लिए मुख्यमंत्री से मिला जाएगा और ग्रामीणों से बिजली पहुंचाने का वादा पूरा कराया जाएगा।
जल्द बिजली मिलेगी : सरपंच
गांव रहीमपुर खेड़ी, गोयला कलां की महिला सरपंच सावित्री देवी का कहना है कि गांव नदी के अंदर बसा है। गांव के चारों ओर रिंग बांध बनाने का प्रस्ताव किया जाएगा और बिजली की सुविधाए दिलाई जाएगी और विकास कार्यों पर भी ध्यान दिया जाएगा।