फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

युवती की मौत पर शमशान में हंगामा

Sun, 28 Oct 2012 12:00 PM IST
Panipat
विज्ञापन
विज्ञापन
पानीपत। संदिग्ध परिस्थितियों में युवती की मौत के बाद असंध रोड स्थित स्वर्गपुरी श्मशान घाट में अंतिम संस्कार के समय जमकर हंगामा हुआ। हंगामा कर रहे एक युवक ने दावा किया कि युवती की उसके साथ लव मैरिज हुई थी। युवक ने लड़की के परिजनों पर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने लड़के की शिकायत पर युवती के माता-पिता समेत पांच को नामजद कर अन्य कई के खिलाफ हत्या व सबूत मिटाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ऑनर किलिंग को संदिग्ध मानकर चल रही है।
विज्ञापन


दाह संस्कार का विरोध
स्वर्गपुरी श्मशान असंध रोड के महंत बादल नाथ ने बताया कि शनिवार सुबह ही कुछ लोग शव लेकर श्मशान घाट पहुंचे। शव के अंतिम संस्कार के समय कई लड़के वहां पहुंचे। उनमें से एक युवक अर्थी पर रखे युवती के शव को अपनी पत्नी का शव बता रहा था और उसके परिजनाें पर जान से मारने का आरोप लगा रहा था। युवकों ने संस्कार की अग्नि को पानी से बुझाने का प्रयास किया। इस बात पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। उन्होंने गेट बंद कर दिया और अंदर जमकर हंगामा किया। उसने इसकी सूचना असंध नाका पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दाह संस्कार का विरोध कर रहे युवक वहां से निकल गए।

लड़के ने लगाया हत्या का आरोप
अजय निवासी भारत नगर, काबड़ी रोड ने थाना माडल टाउन पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह इसराना के एक कालेज में बीबीए कर रहा है। कालेज में साथ पढ़ने वाली ओम कालोनी निवासी अपनी सहपाठी के साथ उन्हाेंने प्रेम विवाह कर लिया था। उसके परिजन इस शादी से राजी थे, लेकिन गैर जातीय होने के कारण युवती के परिजन नाराज थे। आरोप है कि शुक्रवार रात को युवती की उसके परिजनों ने हत्या कर दी और शनिवार सुबह आनन फानन में संस्कार कर दिया। उसने दी शिकायत में युवती के पिता रामकुमार, मां निर्मला, रामनिवास, हरीश व आनंद समेत अन्य पर हत्या का आरोप लगाया है।
विज्ञापन


कई दिन से बीमार थी युवती
मृतक युवती के पिता रामकुमार ने पुलिस के सामने उसके बीमार होने की सफाई दी है। रामकुमार ने अपने बयान में बताया कि उसकी बेटी कई दिन से बीमार चल रही थी। शुक्रवार रात को वह दवा लेकर सो गई थी। शनिवार सुबह परिजनों ने देखा तो उसकी सांसें थमी हुई थी।

पहले ही झगड़ा हो चुका था
स्वर्गपुरी श्मशान असंध रोड के प्रधान रमेश अनेजा ने बताया कि शनिवार सुबह एक युवती के शव के संस्कार के समय कुछ लोगों में विवाद हुआ था। वे सेवादार की सूचना पाकर वहां पर पहुंचे। उनके पहले से विवाद बंद हो चुका था और सब लोग चले गए थे। उन्होंने पुलिस को सूचित कर दिया था।

कुछ अनसुलझे सवाल
- युवती बीमार थी तो उसका इलाज कहां चल रहा था?
- अगर वह मृत मिली तो क्या परिजनों ने इसकी जांच अस्पताल में कराई?
- श्मशान घाट में परिजनों ने संस्कार की विधि को नियमानुसार क्यों नहीं किया?
- कुछ लोगों ने विरोध जताया तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को क्यों नहीं दी?

भारत नगर बबैल रोड निवासी एक युवक ने शिकायत में मृतक युवती को अपनी पत्नी होने का दावा करते हुए उसके परिजनाें व अन्य पर हत्या करने का आरोप लगाया है। युवक के अनुसार युवती से उसका प्रेम विवाह हुआ था। पुलिस ने युवती के माता-पिता समेत पांच लोगाें को नामजद और अन्य कई के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- जितेंद्र राणा, प्रभारी, थाना माडल टाउन पानीपत

ऑनर किलिंग फिलहाल संदिग्ध
अजय ने पुलिस को शिकायत देकर उसकी पत्नी की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने युवती के परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस को जांच के दौरान युवती के घर से एक सुसाइड नोट मिला है। फिलहाल पुलिस नोट के युवती के हाथ से लिखे होने की पुष्टि नहीं कर पा रही है। इसके लिए फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट का सहारा लिया जाएगा। इसके बाद ही पुलिस कुछ कह सकती है। फिलहाल पुलिस ऑनर किलिंग को संदिग्ध मानकर चल रही है। पुलिस दोषी पर सख्त कार्रवाई करेगी।
विज्ञापन

- नरेंद्र सिंह, प्रवक्ता, पुलिस पानीपत
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें