पानीपत। स्वास्थ्य विभाग कुष्ठ रोग खोज अभियान शुक्रवार को शुरू कर दिया है। इसके लिए जिले में 885 टीम एक साथ मैदान में उतर गई हैं। ये टीम 14 अगस्त तक लगभग 274514 घरों में जाकर कुष्ठ रोगियों की जांच करेंगी। इसके साथ लोगों को जागरूक भी करेंगी। अभियान में 885 टीमों पर 180 सुपरवाइजर निगरानी रखेंगे। जिला नोडल अधिकारी डॉ. लाभ सिंह को बनायाहै। इसके पहले दिन ही ई-रिक्शा व पंप्लेट बांटकर विभाग लोगों को जागरूक किया।
जिला नागरिक अस्पताल व प्रत्येक सीएचसी, पीएचसी पर कुष्ठ रोग खोज अभियान शुरू हो गया है। जिला नागरिक अस्पताल से ई-रिक्शा के माध्यम से कुष्ठ रोगियों की खोज व रोगियों को जागरूक किया जाना शुरू हो चुका है। पैरामेडिकल वर्कर जय सिंह ने बताया कि अभियान एक से 14 अगस्त तक चलेगा। इसके तहत लगभग 14 लाख लोगों की स्क्रीनिंग की जाएगी। 885 टीमें 274514 घरों को कवर करेंगी। इसके पहले दिन ही ई-रिक्शा के माध्यम से लोगों की खोज शुरू कर दी है। प्रत्येक गांव, गली-मोहल्ले तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें पहुंचेगी और कुष्ठ रोगियों की खोज कर उनका इलाज करवा सामान्य जीवन व्यतीत करने पर जोर दिया जाएगा। सिविल सर्जन डॉ. विजय मलिक ने बताया कि जिले में कुष्ठ रोग खोज अभियान शुरू हो गया है। अभियान के तहत जिले में कुल 885 टीमें बनाई गई हैं। इनमें आशा वर्कर्स के साथ एक पुरुष कार्यकर्ता भी शामिल होगा। सभी टीमों पर नजर रखने के लिए 180 सुपरवाइजर की ड्यूटी लगाई है। जो टीमों के काम की समय-समय पर जांच भी करेंगे। संवाद