फैक्टरी के बाहर नशे में धुत जुआंरी कर रहे थे गाली गलौच
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। बबैल रोड पर एक फैक्टरी के बाहर खाली प्लाट में नशे में धुत जुआंरी एक-दूसरे को गाली-गलौच कर रहे थे। जिसका विरोध करने पर फैक्टरी मालिक व उसके चाचा से आरोपियों ने मारपीट की। स्थानीय लोगों ने मामले को शांत करवा दिया। इसके 5 मिनट बाद आरोपी 15 के गैंग में हथियारों के साथ फैक्टरी में घुसे व फैक्टरी में मौजूद चाचा-भतीजा पर तलवार, गंडासी व लाठी-डंडो से हमला कर दिया। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोग अस्पताल लेकर पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची। जहां घायलों के बयान पर 4 नामजद आरोपियों सहित 10 अन्य के खिलाफ शिकायत ली।
फैक्टरी मालिक राहुल शर्मा निवासी एनएचबीसी सेक्टर 12 ने बताया कि उसकी बबैल रोड पर चद्दर की फैक्टरी है। उसकी फैक्टरी के सामने एक खाली प्लाट है। जिसमें अक्सर कुुछ लोग जुआं खेलते व नशा करते है। मंगलवार को इसी प्लाट में दीला, छोटा सोनू, करीम व बाबू अन्यों के साथ बैठ कर नशा कर रहे थे व जुआं खेल रहे थे। साथ ही आरोपी एक-दूसरे को गाली-गलौच कर रहे थे। फैक्टरी से राहुल व उसका चाचा सुरेश शर्मा बाहर आए जिन्होंने उनको वहां से उठकर जाने को कहा। साथ ही उनकी गाली-गलौच का विरोध किया। जिस पर दोनों पक्षों के बीच मौके पर कहासुनी हो गई। स्थानीय लोगों ने दोनों के बीच सुलाह करवा दी। आरोपी वहां से 50 कदम की दूरी पर अपने किराये के कमरे में चले गए। जहां से उन्होंने कमरे में से तलवार, गंडासी व अन्य हथियार उठाए व फैक्टरी में चले गए। जहां उन्होंने चाचा-भतीजा पर हमला कर दिया। आरोपी मारपीट की वारदात को अंजाम देकर 3 तोले सोने की चेन सहित 8 हजार की नकदी लूट कर भाग गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।