डीएसपी हेडक्वार्टर से मिले मोर माजरा निवासी, न्याय की लगाई गुहार
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत।
गांव मोर माजरा के ग्रामीण सोमवार को एकत्रित होकर लघु सचिवालय पहुंचे और डीएसपी हेडक्वार्टर से मिलते ही लापता बेटी को ढूंढने की मांग की। ग्रामीणों ने बेटी के ससुराल पक्ष पर अपहरण करवाने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की।
गांव मोर माजरा हाल बतरा कॉलोनी निवासी महेंद्र ने डीएसपी हेडक्वार्टर जगदीप दून को दी शिकायत में बताया कि उसने अपनी छोटी बेटी कविता की शादी सात साल पहले गांव उग्रा खेड़ी निवासी अमित के साथ की थी। उसको दो बच्चे हुए। महेंद्र ने बताया कि शादी के बाद ससुराल पक्ष के लोग उसकी बेटी को प्रताड़ित किया जाने लगा। उसको कई बार पैसों की डिमांड भी करते थे। ससुराल पक्ष के लोगों की प्रताड़ना से तंग आकर कविता मायके आ गई थी, लेकिन तीन माह पहले ससुराल पक्ष के लोग आए और अपनी गलती की माफी मांगते हुए कविता को ले गए थे। 12 जुलाई को अमित का फोन आया और बताया कि कविता घर से गायब है। उसने सभी जगह कविता की तलाश की, लेकिन उसका कहीं सुराग नहीं लगा। महेंद्र का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने ही उसकी बेटी का अपहरण करवाया है। महेंद्र सिंह ने बताया कि इसकी शिकायत उसने थाना चांदनी बाग पुलिस को भी दी, लेकिन पुलिस ने उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की। महेंद्र ने मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उसकी बेटी का पता लगाया जाए।डीएसपी हेडक्वार्टर जगदीप दूहन ने परिजनों को आश्वासन दिया कि मामले की गहनता से जांच करवाई जाएगी और लापता को भी ढूंढने का प्रयास किया जाएगा।