पानीपत। शिक्षा विभाग की महत्वपूर्ण योजना मिशन बुनियाद कार्यक्रम के लिए 13 नवंबर से शुरू हुई पंजीकरण प्रक्रिया मंगलवार को संपन्न हो हो गई। मिशन बुनियाद के लिए जिले में 7600 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। इसके साथ जिला प्रदेश में तीसरे स्थान पर रहा है।
हिसार 9603 पंजीकरण के साथ प्रदेश में पहले तथा सिरसा 8703 पंजीकरण सहित दूसरे स्थान पर रहा। हालांकि खंड स्तर पर 3038 पंजीकरण के साथ पानीपत खंड प्रदेश में टॉप पर रहा। मिशन बुनियाद लेवल-1 की परीक्षा 26 दिसंबर को होगी। हालांकि यह परीक्षा 24 दिसंबर को होनी थी लेकिन विभाग ने परीक्षा शेड्यूल में बदलाव किया है।
जिला विज्ञान विशेषज्ञ संदीप कुमार ने बताया कि सिरसा जिले में 7 खंड और हिसार जिले में 9 खंड हैं जिनमें करीब 13-13 हजार विद्यार्थी आठवीं कक्षा में पढ़ रहे हैं। इसलिए इन जिलों में पंजीकरण ज्यादा हैं। हालांकि खंड स्तर पर पानीपत खंड पहले और बापौली खंड 14वें स्थान पर है। जिले में करीब 9500 विद्यार्थी आठवीं कक्षा में पढ़ रहे हैं।
डीएसएस संदीप कुमार ने बताया कि कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार करने के लिए पूरे हरियाणा में जागरूकता अभियान के तहत खंड स्तर पर सेमिनार आयोजित किए जा रहे हैं। खंड स्तर पर जागरूकता अभियान जिले में 21 नवंबर से समालखा खंड से शुरू हुए थे। जिले के चार खंडों में सेमिनार आयोजित किए जा चुके हैं जबकि इसराना खंड में 17 दिसंबर को सेमिनार का आयोजन होगा। इन कार्यक्रमों में आठवीं व 10वीं के टॉप-3 विद्यार्थी अपने अभिभावकों के साथ कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे हैं।