झगड़े के मामले में युवक को बुलाया थाने, जूस पीने के बाद हालत बिगड़ी, एसआई पर जहर पिलाने का आरोप
पीड़ित बोला-एसपी और डीएसपी को दी थी एसआई के खिलाफ रिश्वत लेने का आरोप, तबसे करता था परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। अदियाना गांव के एक युवक को लड़ाई-झगड़े के मामले में मतलौडा पुलिस के एसआई ने थाने में बुलाया। बताया गया इस दौरान युवक ने थाने में ही जूस में मिलाकर कुछ पी लिया। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई। परिजनों ने युवक को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल में दाखिल कराया है। इसकी शिकायत पुलिस के उच्चाधिकारियों को दी गई है। उच्चाधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। पीड़ित अनिल कुमार निवासी ने शिकायत में बताया कि मतलौडा थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर सतपाल ने उसको जूस के बहाने जहर पिला दिया। जबकि, एसआई का कहना है युवक ने ब्लैकमेल करने के लिए खुद ही जहर पी लिया।
अनिल कुमार निवासी गांव अदियाना ने बताया कि जून 2017 में उसका मतलौडा अड्डे पर शराब का एक ठेका था। आरोप है कि उस वक्त सतपाल एसआई ने उसको डराकर उससे 3500 रुपये रिश्वत ली है। उसने इसकी शिकायत एसपी और डीएसपी को दी थी। इस बात से एसआई सतपाल उससे रंजिश रखता था। गांव में किसी का भी झगड़ा हो जाए तो सतपाल एसआई उसका नाम झगड़े में शामिल कर देता है। इसके बाद उसे थाने में बुलाया जाता और उसे टॉर्चर किया जाता था। चार दिन पहले गांव में हुए झगड़े में सतपाल एसआई ने उसका नाम जोड़ दिया। जबकि उस मामले से उसका कोई लेना-देना नहीं था। वीरवार शाम को उसे मतलौडा थाने में बुलाया गया था। वहां सतपाल ने उसके लिए जूस मंगवाया और कहा कि लड़ाई झगड़े तो चलते रहेंगे जूस पी ले। जूस पीते ही उसकी हालत थाने में ही बिगड़ गई और वह वहां उल्टियां करने लगा। जब उसने वहां उल्टियां की तो सतपाल ने उसके साथ मारपीट शुरू की और उल्टियां साफ करने के बारे में कहने लगा। इसके बाद थाने में मौजूद बाकी पुलिसकर्मियों ने उसकी वीडियोग्राफी की। इसके बाद उसके परिजन थाने में पहुंच गए। इसके बाद उसे अस्पताल में दाखिल कराया गया। इस बारे में एसआई सतपाल का कहना है कि लड़ाई-झगड़े के मामले के आरोपी अनिल को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। सभी आरोप निराधार हैं।