6 करोड़ से सुधरेंगी शहर की सड़कें
- हुडा सेक्टरों में सड़क निर्माण कार्यों पर निगम की वित्त कमेटी की मुहर
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने की थी घोषणा
- 94.47 लाख खर्च होंगे सेक्टर-13/17 व 18 की सड़क मरम्मत पर
- 399.80 लाख खर्च होंगे सेक्टर-11/12, 25 पार्ट-1 व टू और नेशनल हाईवे को जोड़ने वाली मुख्य सड़कों पर
- 94.74 लाख में सेक्टर-13/17 की मुख्य सड़क की यमुना एन्क्लेव से वाटर वर्क्स तक होगी मरम्मत
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत।
शहर के हुडा सेक्टरों में सड़कों की हालात सुधारने के प्रस्ताव पर नगर निगम की वित्त कमेटी ने भी अपनी मुहर लगा दी है। 589.01 लाख के इन तीनों प्रस्तावों में से दो के वर्क ऑर्डर जारी भी किए जा चुके हैं, जबकि एक प्रस्ताव का वर्क ऑर्डर जल्द ही जारी करने का दावा किया है। नगर निगम अधिकारियों की माने तो यह हुडा के सेक्टरों का नगर निगम के अंतर्गत आने के बाद पहले बड़े प्रस्ताव हैं। इन कामों के मूर्त रूप आने पर हुडावासियों व यहां से गुजरने वालों को राहत मिलेगी। वहीं 9.80 करोड़ की लागत से फोर लेन बनने वाले बरसत रोड की भी आधारशिला रख दी।
नगर निगम की वित्त कमेटी की बैठक सोमवार को मेयर सुरेश वर्मा की अध्यक्षता में हुई। जिसमें कमेटी सदस्य वार्ड-दो पार्षद कमलेश मंजोका व सुशील शर्मा पहुंचे। जबकि सीनियर डिप्टी मेयर काजल बठला व डिप्टी मेयर सीमा पाहवा नहीं पहुंच सकी। मेयर सुरेश वर्मा ने दोनों सदस्यों और नगर निगम अधिकारियों को साथ लेकर वित्त कमेटी में मुख्यमंत्री की घोषणाओं के तीनों कामों को रखा। वित्त कमेटी ने अधिकारियों के साथ विचार विमर्श करने के बाद तीनों प्रस्तावों को मंजूर कर दिया। बताया जा रहा है कि तीन में से दो प्रस्ताव की मुख्यमंत्री ने 28 जून 2015 को घोषणा की थी।
बैठक में अधिकारियों से अन्य कामों पर चर्चा की
नगर निगम की वित्त कमेटी ने निगम अधिकारियों के साथ इन प्रस्तावों पर चर्चा करने के अलावा वार्डों में कराए जाने वाले अन्य कामों पर चर्चा की। वार्ड-2 पार्षद कमलेश मंजोका ने बताया कि उनके वार्ड में पानी निकासी तक की समस्या बनी हुई है। ऐसे में कॉलोनी में बीमारी फैलने का डर सता रहा है। स्थानीय लोग कई बार इसकी मांग कर चुके हैं। अधिकारियों ने जल्द ही समाधान करने का आश्वासन दिया। वार्ड-16 पार्षद सुशील शर्मा ने भी अपने वार्ड संबंधित समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा।
प्रस्ताव नंबर-एक
सेक्टर-13/17 और सेक्टर-18 को बांटने वाली सड़कों की रिपेयर की जाएगी। इस पर 94.47 लाख रुपये खर्च आएंगे। इसमें चार साल तक सड़कों की मरम्मत भी ठेकेदार को करनी होगी। इन सड़कों के नवीनीकरण की मुख्यमंत्री ने घोषणा की थी। हम बता दें कि इन सड़कों की हालत खस्ता हो चुकी हैं। लोगों को यहां से गुजरने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
प्रस्ताव नंबर-दो
सेक्टर-25 पार्ट-वन व टू समेत छह सेक्टरों की सड़क
हुडा सेक्टर 11/12, 25 पार्ट-वन व टू की सड़कों को बनाया जाएगा। इसी में सेक्टर 12 व 24 से होकर जीटी रोड से सनौली रोड को जोड़ने वाले रिंग रोड को बनाया जाएगा। इसका 399.80 लाख रुपये का प्रस्ताव बनाया है। इसकी घोषणा भी मुख्यमंत्री ने की थी।
प्रस्ताव नंबर-तीन
सेक्टर-13/17 की सड़कों का एक और प्रस्ताव वित्त कमेटी द्वारा मंजूर किया गया है। इसमें सेक्टर-13/17 चौक पर यमुना एंक्लेव से लेकर वाटर वर्कर्स तक और बाहरी रोडों की रिपेयर की जाएगी। इनकी मरम्मत चार साल तक संबंधित ठेकेदार को करनी होगी। इन पर 94.74 लाख रुपये खर्च होंगे।
हुडा सेक्टरों के तीन प्रस्ताव को वित्त कमेटी ने मंजूर कर दिया है। इनमें से दो के वर्क ऑर्डर जारी कर दिए गए हैं। एक प्रस्ताव के जल्द ही वर्क ऑर्डर जारी कर दिए जाएंगे। इसके बाद शहर के इन सेक्टरों की सड़क बेहतर हो जाएंगी और लोगों को भी राहत मिलेगी।
सुरेश वर्मा, मेयर, पानीपत।
9.80 करोड़ से फोर लेन बनेगा बरसत रोड
पानीपत (ब्यूरो)। पानीपत ग्रामीण विधायक महिपाल ढांडा ने सोमवार को 9.80 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बरसत रोड के फोर लेन कार्य का नारियल तोड़कर और हवन में आहूति डालकर शिलान्यास किया।
बरसत रोड को जीटी रोड से लेकर चंदौली ड्रेन नंबर-2 के पुल तक फोर लेन का बनाया जाएगा। इसके दोनों तरफ पानी की निकासी को लेकर नाला बनवाया जाएगा। जिसकी लंबाई 4.37 किमी होगी और बीच में 1.5 मीटर का डिवाइडर बनेगा। वहीं डिवाइडर पर ही स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी। इस मौके पर पीडब्ल्यूडी बीएंडआर के एक्सईएन प्रदीप अत्री व एसडीओ एसपी सिंगला ने विधायक महिपाल ढांडा को बरसत रोड के 4 लेन के कार्य को लेकर पूरी जानकारी दी। इस अवसर पर पानीपत मार्केट कमेटी चेयरमैन अजमेर मलिक, सिवाह मंडल अध्यक्ष गोविंद पहलवान, बिचपड़ी मंडल अध्यक्ष प्रवीन बॉबी, बबैल मंडल अध्यक्ष सुदर्शन पराशर, समाजसेवी मदन मजोका, मंडल प्रधान राजकुमार पाहवा, प्रेम कुमार तोमर, वरिष्ठ नेता मुकेश जागलान, सुरेश गुंबर, अनिल बजाज, पवन जांगड़ा, पवन वाल्मीकि, बिट्टू, बलराज अहलावत, जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र बिंझौल, डॉ. सत्येंद्र पांचाल, अजमेर पूर्व सरपंच, अवतार सिंह बड़ौली महामंत्री, जयकुंवर जांगड़ा, अर्जुन सिंह, सुखदेव सिंह, जितेंद्र रोहिला, अनूप विर्क, राजपाल हरिनगर, अशोक चंदौली, देवेंद्र संधू व अनिल शर्मा मौजूद रहे।