पानीपत। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में पांचवें चरण की काउंसलिंग व ऑन द स्पॉट दाखिला प्रक्रिया चल रही है। आईटीआई के विभिन्न ट्रेड में दाखिला लेने के लिए मात्र दो दिन शेष हैं। हालांकि जीटी रोड स्थित राजकीय आईटीआई में 31 में से 13 ट्रेडों में सभी सीटों पर दाखिला हो चुका है। 10 ट्रेड ऐसी हैं जिनमें 50 फ़ीसदी से अधिक सीटों पर दाखिला हो चुका है। इनमें भी पांच ट्रेड ऐसी हैं, जिनमें 80 से 90 फ़ीसदी सीटों पर दाखिला हो चुका है। हालांकि आठ ट्रेड में सभी सीटों पर दाखिला करना आईटीआई प्रबंधन के लिए चुनौती पूर्ण बना हुआ है।
आईटीआई में दाखिले के लिए पांचवें चरण में नए आवेदन के लिए पोर्टल खोलने के बाद पंजीकरण के साथ ऑन द स्पॉट दाखिले किए जा रहे हैं। प्रदेश की 376 आईटीआई में अब तक 85945 पंजीकरण किए जा चुके हैं जबकि कुल पूर्ण आवेदन 73293 हुए हैं। इनमें से 43835 सीटों पर दाखिला हो चुका है जो कुल आवेदन का मात्र 51 फीसदी है। मंगलवार को भी 1177 युवाओं ने नए पंजीकरण कराए जबकि 1872 युवाओं ने दाखिला लिया। वहीं, जीटी रोड स्थित राजकीय आईटीआई में भी 928 सीटों में से करीब 640 सीटों पर दाखिला हो चुका है जबकि 288 सीटें रिक्त हैं। दाखिले के लिए मात्र दो दिन शेष हैं। इन दो दिनों में सभी सीटों पर दाखिला करना आईटीआई प्रबंधन के लिए चुनौती पूर्ण बना हुआ है।
रिकार्ड आवेदन के बाद भी युवा आईटीआई की कई ट्रेडों में दाखिले को लेकर रूचि नहीं दिखा रहे। हालांकि इलेक्ट्रीशियन, कोपा, फिटर, मशीनिस्ट जैसी ट्रेडों में करीब 100 फीसदी सीटों पर दाखिले हो चुके हैं लेकिन कई ट्रेड ऐसी हैं जिनमें दाखिले की स्थिति चिंताजनक है। टीपीईएस, टर्नर, शीट मेटल वर्कर, वूड वर्क टेक्नीशियन, फाउंड्रीमैन, टूल एंड डाई मेकर, सीएनसी जैसी ट्रेडों में बहुत कम दाखिले हुए हैं। यदि अभ्यर्थी आईटीआई की ट्रेडों में दाखिला नहीं लेंगे तो उनका कौशल विकास कैसे होगा।
राजकीय आईटीआई में दाखिले की स्थिति
ट्रेड कुल सीटें दाखिले हुए रिक्त सीटें
कोपा एनसीवीटी 48 48 00
इलेक्टि्रशियन ड्यूल 20 20 00
फॉर्गर एंड हीट ट्रीटर 20 15 05
पलंबर 48 25 23
वेल्डर ड्यूल 40 40 00
कोपा एससीवीटी 24 24 00
इलेक्ट्रीशियन 20 20 00
फिटर 40 40 00
इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक 24 14 10
ट्रेक्टर मैकेनिक 40 30 10
मैकेनिक सीईए ड्यूल 24 15 09
स्टेनोग्राफर अंग्रेजी 48 48 00
स्टेनोग्राफर हिंदी 48 40 08
टीपीईएस ड्यूल 24 07 17
टर्नर 20 07 13
लेबोरेट्री असिस्टेंट 20 15 05
कोस्मेटोलॉजी 24 11 13
शीट मेटल वर्कर ड्यूल 40 05 35
वायरमैन ड्यूल 20 20 00
वूड वर्क टेक्नीशियन ड्यूल 48 03 45
फायर टैक्नोलॉजी 24 24 00
मैकेनिक मोटर व्हीकल ड्यूल 24 24 00
रेफ्रिजरेशन टेक्निशियन 24 24 00
टीडब्ल्यूपीटी ड्यूल 20 17 03
मशीनिस्ट ड्यूल 20 20 00
मशीनिस्ट 40 40 00
फिटर ड्यूल 20 20 00
फाउंड्रीमैन 48 07 41
टूल एंड डाई मेकर ड्यूल 24 08 16
टर्नर ड्यूल 20 02 18
सीएनसी 24 07 17
कुल 928 640 288
वर्जन-
औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान मे अब तक करीब 640 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है। कुछ ट्रेड ऐसी हैं जिनमें बहुत कम दाखिले हुए हैं। विद्यार्थी शेष सीटों पर 22 अगस्त तक फीस जमा करवा दाखिला सुनिश्चित कर सकेंगे।
- डॉ. कृष्ण कुमार, प्रधानाचार्य, राजकीय आईटीआई, पानीपत।