पानीपत। दलबीर नगर की एक महिला को ऑनलाइन निवेश का झांसा देकर ठग लिया। ठगों ने महिला से अपने खाते में 6.50 लाख रुपये जमा करने को कहा। महिला ने ठगी की शिकायत साइबर अपराध थाना पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले में अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कुटानी रोड स्थित दलबीर नगर निवासी निभा ने बताया कि उसके पास टेलीग्राम पर 28 मई को एक संदेश आया था। उसमें ऑनलाइन पैसे कमाने के बारे में बताया गया था। फिर उसके पास एप्पल वोकेशन के नाम से एक लिंक आया। उसने इस लिंक पर क्लिक किया तो उसके खाते में 996 रुपये क्रेडिट हुए। फिर उन्होंने उसे ऑनलाइन निवेश करने को कहा। उसने कई बार में उनके दिए खाता नंबर में 6.50 लाख रुपये जमा करा दिए। फिर उन्होंने उसे कहा कि अब वह अपने पैसे निकाल सकते हैं। जब उसने पैसे निकालने का प्रयास किया तो पैसे नहीं निकले। तब महिला ने कॉल कर पूछा तो उन्होंने कहा कि उनके खाते में नौ लाख रुपये और जमा कराने होंगे। फिर सारे पैसे निकल जाएंगे, इसके बाद उसे पता चल गया कि उसके साथ फ्रॉड हुआ है। फिर उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी।