फोटो संख्या-27 व 28
पांच साल बाद फिर शुरू हुआ हुडा जिमखाना क्लब
सेक्टर-25 में दो एकड़ के भूभाग में फैले इस क्लब में स्वीमिंग पूल से लेकर खेल की अन्य सुविधाएं उपलब्ध
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। सेक्टर-25 में पांच साल से बंद चल रहा जिमखाना क्लब रविवार से शुरू हो गया। अतिरिक्त उपायुक्त सुजान सिंह ने इसका उद्घाटन किया। सेक्टर-25 में दो एकड़ के भूभाग में फैले इस क्लब में स्वीमिंग पूल से लेकर खेल की अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसमें जल्द ही टेनिस कोर्ट व खेल की अन्य सुविधाएं शुरू की जाएंगी। क्लब में अभी 427 सदस्य हैं। इसे बढ़ाकर दो हजार तक किया जाना है। इसकी सदस्यता को लेकर जल्द ही उपायुक्त की चेयरमैनशिप में एक बैठक होगी। इसमें इसके लिए मानक का निर्धारण होगा। शहर में ये पहला ऐसा स्थान है जहां पर उच्च वर्ग के लोग बैठ सकते हैं। इसके लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (हुडा) के क्लब में बेहतर माहौल दिया गया है।
गौरतलब है कि वर्ष 2004 में इसकी शुरुआत हुई थी। वर्ष 2013 में क्लब के रेस्टोरेंट संचालक ने अपनी प्रेमिका की गोली मार कर हत्या करने के बाद खुद आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद से क्लब बंद था।
जल्द ही होगी कार्यकारी समिति की बैठक
जिमखाना क्लब का निर्माण हुडा की ओर से होता है। जिला उपायुक्त इस कमेटी की चेयरपर्सन हैं। हुडा संपदा अधिकारी इसके महासचिव हैं। इसके साथ एसडीएम पानीपत, हुडा के कार्यकारी अभियंता, सिटी मजिस्ट्रेट व अन्य प्रशासनिक अधिकारी इसके सदस्य होते हैं। जल्द ही कमेटी की बैठक कर इसके सदस्य बनाने व पुराने सदस्यों की सदस्यता का रिन्युल किया जाएगा। माना जा रहा है कि क्लब की सुविधा शहर के ज्यादा से ज्यादा लोगों को मिल सके, इस पर कमेटी कोई निर्णय लेगी।
इसे भी जानें...
- क्लब का सदस्य हुडा सेक्टर में प्लॉट का आवंटी होना चाहिए।
- सिक्योरिटी मनी के रूप में 25 हजार रुपये जमा होते हैं। इसमें पांच हजार की वापसी होती है।
-क्लब के सदस्यता शुल्क पर 18 प्रतिशत जीएसटी है। जबकि खाने पर पांच प्रतिशत जीएसटी है।
ये हैं सुविधाएं : रेस्टोरेंट, बार, बैंक्वेट हाल, जिम, डांस, स्वीमिंग पूल, बैडमिंटन कोर्ट, टीटी, जूडो कराटे सहित सभी इंडोर खेल आदि।
--------
हुडा जिमखाना क्लब में उपलब्ध सभी सुविधाएं बेहतर मूल्य पर उपलब्ध हैं। क्लब की सदस्यता को सरल बनाने व उससे जोड़ने के लिए जल्द ही कमेटी की बैठक होगी। इसमें इस और सरल बनाया जाएगा।
-प्रदीप कुमार, मैनेजर, हुडा जिमखाना क्लब