अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत।
काफी समय से शुगर मिल व डिस्टलरी की मिल रही शिकायतों से खफा नेशनल शुगर फेड के चयरमैन चंद्र प्रकाश कथूरिया अचानक शुगर मिल में पहुंच गए। यहां पहुंचते ही उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों की जमकर क्लास ली। अधिकारियों व कर्मचारियों के हाजिरी रजिस्टर चेक किए। इसमें डिस्टलरी के जीएम व शुगर मिल के एमडी बीर सिंह ही अनुपस्थित मिले। इनके बारे में कर्मचारियों से पूछा गया तो वो साहब के बारे में कुछ भी बताने की हिम्मत नहीं जुटा सके। चेयरमैन ने दोनों अधिकारियों को इसका कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है।
मंगलवार दोपहर 3 बजे चेयरमैन चंद्र प्रकाश कथूरिया शुगर मिल में पहुंचे। सबसे पहले वो सीधा डिस्टलरी में जीएम रमेश सरोहा के केबिन में पहुंचे। यहां जीएम सरोहा नहीं मिले। रजिस्टर में 14 अप्रैल के बाद उनकी हाजिरी नहीं मिली। इसी से चेयरमैन गुस्सा हो गए और अपनी पीए को उनके खिलाफ अनुपस्थित रहने का कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दे दिए। इसके बाद वह एमडी बीर सिंह के केबिन में पहुंचे। यहां भी उन्होंने हाजिरी रजिस्टर की जांच की। रजिस्टर में कहीं भी एमडी के साइन व हाजिरी नहीं मिली। पूछने पर बताया गया कि साहब चंडीगढ़ मीटिंग में गए हैं। मीटिंग किस विषय पर कहां है इस बारे में किसी को कोई जानकारी नहीं मिली। ऑफिस में मूवमेंट रजिस्टर भी नहीं मिला। पूछने पर कर्मचारियों ने बताया कि शुगर मिल का कोई भी एमडी हाजिरी नहीं लगाता। चेयरमैन ने इस प्रथा को बदलने की बात कही और एमडी को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने की बात कही। इसके बाद टाइम कीपर राममेहर व अकाउंटेंट यशपाल की भी रजिस्टर में आधे दिन की हाजिरी नहीं मिली। इन दोनों को भी नोटिस जारी हो सकता है। इसके बाद उन्होंने पूरे शुगर मिल का निरीक्षण किया और किसानों की समस्याएं जानी।
एक माह से बंद पड़ी मिल की डिस्टलरी
एक माह से शुगर मिल की डिस्टलरी बंद पड़ी है। इसका कारण उपर से शराब के होलोग्राम न आना बताया गया है। डिस्टलरी में 50 हजार पेटिया पड़ी हुई है। डिस्टलरी के कर्मचारियों ने चेयरमैन से डिस्टलरी चलवाने की मांग की है। चेयरमैन ने जल्द डिस्टलरी चलवाने का आश्वासन दिया है।
ड्यूटी में लापरवाही बरतने वालों की होगी जांच
हाजिरी रजिस्ट्रर में जीएम, एमडी, अकाउंटेंट व टाइम कीपर की आधे दिन की हाजिरी नहीं मिली है। जीएम तो 10 दिन से हाजिरी नहीं भर रहे है। कर्मचारी कह रहे हैं कि साहब मीटिंग में है। उनके पास मीटिंग का कोई मैसेज नहीं है। इन सभी को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। ड्यूटी पर लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। डिस्टलरी को भी जल्द चालू कराया जाएगा।
चंद्र प्रकाश कथूरिया, नेशनल फेड चेयरमैन
नेशनल शुगर फेड के चैयरमेन ने शुगर मिल में मारा छापा एमडी व जीएम मिले अनुपस्थित, कारण बताओ नोटिस जारी
-चंद्र प्रकाश कथूरिया ने अचानक शुगर मिल में छापा मारा, डिस्टलरी के रिकार्ड व हाजिरी रजिस्टरों की जांच की
-डिस्टलरी 15 दिन से पड़ी बंद, कर्मचारियों ने की डिस्टलरी को चालू करने की मांग
फोटो 26