स्टेडियम में जले पौधे। स्रोत : शिकायतकर्ता
पानीपत। सिवाह गांव के स्टेडियम में साफ-सफाई के नाम पर आग लगाने से करीब 600 पौधे आग के हवाले कर दिए। पीडब्ल्यूडी की एजेंसी पर इसके आरोप लगाए हैं। सिवाह गांव के जसबीर सिंह ने मुख्यमंत्री कार्यालय में इसकी शिकायत दी है।
जसबीर सिंह बताया कि गांव स्थित राजकीय खेल स्टेडियम में पर्यावरण संरक्षण, हरित वातावरण, खिलाड़ियों व नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगभग दो वर्ष पहले लगभग 1200 छायादार पौधे लगाए थे। इनकी देखभाल व संरक्षण का कार्य गांव के नागरिकों द्वारा अपने निजी धन, समय व संसाधनों से लगातार किया जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि 15 मई को सामने आया कि स्टेडियम परिसर में सफाई की आड़ में सूखे पत्तों, घास व कूड़े में आग लगा दी गई। इस कारण करीब 600 पौधे पूरी तरह से नष्ट हो गए। उन्होंने जिला खेल अधिकारी को फोन के माध्यम से दी थी। उन्होंने इस मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिला खेल अधिकारी उनको अवगत कराया कि उनके स्तर पर जांच की गई। इसमें स्टेडियम की देखरेख व सफाई का कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा नियुक्त एक एजेंसी को दिया गया था। एजेंसी द्वारा सफाई से उत्पन्न कूड़े को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार हटाने के स्थान पर उसमें आग लगा दी गई। इससे सैकड़ों पौधों को क्षति पहुंची है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी मामले को दबाने का प्रयास कर रहे हैं।
वर्जन :सिवाह गांव के स्टेडियम में पेड़ों में आग लगने का मामला सामने आया है। इसकी जांच कराई जा रही है। इसमें उचित कार्रवाई कराई जाएगी।
सत्यबीर, जिला खेल अधिकारी।