कबूतरबाज ने एक युवक को अपना निशाना बनाया और पेरिस भेजकर नौकरी लगवाने के नाम पर साढ़े छह लाख रुपये ठग लिए। युवक का आरोप है आरोपी ने नौ लाख रुपये मांगे, साढ़े छह लाख देने के बाद भी आरोपी ने उसे विदेश नहीं भेजा और न ही उसके पैसे वापस लौटा रहा है। सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में प्रमोद निवासी गांव शिमला मौलाना ने बताया कि वह विकास फिलिंग स्टेशन पर पिछले 20 वर्षों से मैनेजर के पद पर कार्यरत है। उसके पास दो बच्चे हैं, जिनमें बेटा हिमांशु व छोटी बेटी है। गत जुलाई, 2019 में पड़ोसी महेंद्र ने सरदार पाल सिंह उर्फ सोनू निवासी हाऊसिंग बोर्ड कालोनी सैक्टर-6 से मिलवाया था। जिसने बेटे को पेरिस भेजकर भाई के होटल पर नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया। पाल सिंह ने नौ लाख रुपये मांगे। उसने साढ़े छह लाख रुपये दे दिए, लेकिन आरोपी ने न ही बेटे को पेरिस भेजा और न ही उनके पैसे वापस लौटाए। वहीं अब पैसे मांगने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी है।
प्रमोद ने बताया कि गत वर्ष 22 जुलाई को उसने डेढ़ लाख रुपये का चेक तथा एक लाख रुपये नकद सोनू व उसकी पत्नी को फिलिंग स्टेशन पर बुलाकर दे दिए थे। चेक 24 जुलाई को उसके खाते से क्लीयर भी हो गया। उसके बाद पाल सिंह उसके बेटे हिमांशु का मैक्स अस्पताल मोहानी, चंडीगढ़ में मेडिकल करवाया। गत अक्तूबर, 2019 को कहा कि हिमांशु का वीजा लग गया है और बाकि पैसे मांगे। उसने गांव के ही एक व्यक्ति से 23 अक्तूबर, 2019 को 4 लाख रुपये उधार लेकर दंपती को 26 अक्तूबर को दे दिए ।
एक सप्ताह पहले भी आरोपी पर हुआ था 10.30 लाख रुपये ठगने का केस दर्ज
सेक्टर 18 निवासी गौरव, उसके दोस्त अभिषेक व एक युवती से एक ठग ने 10.30 लाख रुपये ठग लिए थे। आरोपी कबूतरबाज ने झांसा दिया था कि अगर ग्रुप में दो युवक एक महिला होंगे तो वह तीनों को डिस्काउंट देगा और साढे सात लाख रुपये में विदेश भेज देगा। वहीं फर्जीवाड़े का खुलासा होने के बाद पीड़ितों ने पैसे मांगे तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी थी। जिस मामले में आरोपी सरदार पाल सिंह के खिलाफ शहर थाना में धोखाधड़ी का केस दर्ज है।
वर्जन
पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है, आरोपी के धरपकड़ के प्रयास जारी है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- संदीप, सदर थाना प्रभारी।