संवाद न्यूज एजेंसी
समालखा। मकान के लिए 80 हजार रुपये का लोन दिलाने का झांसा देकर आरोपी ने बैंक की डिटेल ले ली। इसके बाद सतबीर के खाते से 5.10 लाख रुपये निकाल लिए।
कई बार पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने पांच लाख रुपये का चेक दे दिया जो बाद में बाउंस हो गया। पीड़ित ने समालखा थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। मामले की जांच करते हुए हथवाला चौकी पुलिस ने आरोपी सोनीपत जिले के विनीत को गिरफ्तार कर लिया है।
सतबीर ने बताया कि वह बीपीएल कार्ड धारक है। उसका कड़ियों का मकान बना है। आंबेडकर योजना के तहत उसे 80 हजार रुपये का लोन मिलना था। उसकी मुलाकात सोनीपत जिले के बठगांव निवासी विनीत से हुई। विनीत ने 15 दिन में लोन कराने की बात कही। जिसके बाद उसने उनके खाते से जुड़ी जानकारी ले ली। इसके बाद उसके खाते से 5,11,000 रुपये निकाल लिए जिसकी सारी डिटेल बैंक कापी में मौजूद है। एक फरवरी 2024 को भारतीय स्टेट बैंक का चैक दे दिया जो कि उसके खाता में मौजूदा राशि न होने के कारण बाउंस हो गया।
इसके बाद आरोपी से पैसे मांगे तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी देनी शुरू कर दी। शिकायत के आधार पर समालखा थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। हथवाला चौकी प्रभारी बलेश ने बताया कि आरोपी विनीत को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिसे अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।