माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। गैस के साथ तेल की भी मांग बढ़ गई है। अब एजेंसियों के साथ पेट्रोल पंपों पर भी लाइन लंबी हो गई है। पंपों पर तेल की मांग दोगुना तक पहुंच गई है। ऐसे में पंप संचालकों ने फैक्टिरयों में दिए जाने वाले तेल पर चेक प्वाइंट लगा दिया है।
पंप संचालकों के संज्ञान में लाने के बाद ही तेल दिया जा सकेगा। किसी को ज्यादा तेल नहीं दिया जाएगा। इधर उपायुक्त ने अधिकारियों व तेल कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने व्यवसायिक सिलिंडर की 50 प्रतिशत आपूर्ति बहाल करने के आदेश दिए। इसमें स्वास्थ्य और शिक्षण संस्थानों को प्राथमिकता दी जाएगी।
उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने व्यवसायिक सिलिंडर की आपूर्ति के लिए शुक्रवार को जिला सचिवालय में बैठक की। इसमें व्यवसायिक एलपीजी सिलेंडरों की 50 प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित करने का फैसला लिया। बैठक में पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय मलिक व जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और गैस कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
उपायुक्त ने कहा कि जिले में किसी भी स्थिति में गैस सिलिंडरों की कमी नहीं होनी चाहिए। सरकार के निर्देशानुसार 50 प्रतिशत व्यवसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
सैल्स अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में गैस एजेंसियों की गतिविधियों पर गतिविधियों की निगरानी रखने के निर्देश दिए। आमजन, अस्पताल और आवश्यक सेवाओं को समय पर गैस उपलब्ध कराई जाएं। किसी भी प्रकार की लापरवाही या कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीएमओ चिकित्सा संस्थानों में गैस की मांग की रिपोर्ट देंगे।
डीएफएससी दिव्या ने कहा कि गैस एजेंसियों को सरकार के निर्देशों की पालन के आदेश दिए गए हैं।