संवाद न्यूज एजेंसी
समालखा। ऐतिहासिक चुलकाना धाम स्थित श्री श्याम बाबा मंदिर में दान किए गए रुपयों की गिनती मंगलवार को लगातार दूसरे दिन भी जारी रही। दानपात्र नंबर छह से दूसरे दिन 26.60 लाख रुपये की नकदी मिली। इससे पहले सोमवार को इसी दानपात्र से 18.90 लाख रुपये प्राप्त हुए थे। इस तरह दो दिन में एक ही दानपात्र से 45.50 लाख रुपये की नकदी मिल चुकी है।
बुधवार को सबसे पहले इसी दानपात्र की गिनती पूरी की जाएगी। दान राशि की गिनती के लिए बीडीपीओ कार्यालय समालखा के अशोक शर्मा, मंदीप और प्रवीण के साथ इंडियन बैंक के बिजेंद्र प्रजापत सहित बैंक का पूरा स्टाफ पहुंचा। सुबह से शाम तक नकदी की गिनती और मिलान किया गया।
इस दौरान नकदी के अलावा चांदी की अंगूठी, लॉकेट और विदेशी मुद्रा भी मिली। विदेशी मुद्रा में कनाडा के दो डॉलर और अमेरिका के दो डॉलर शामिल हैं। मंदिर परिसर में कुल 25 दानपात्र रखे हुए हैं। इनकी गिनती प्रशासनिक अधिकारियों की देखरेख में चरणबद्ध तरीके से की जा रही है, ताकि प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुरक्षा बनी रहे।
हर महीने होनी चाहिए दानपात्रों की गिनती
ग्राम पंचायत के सरपंच सतीश छौक्कर ने बताया कि मंदिर के दानपात्रों की गिनती नियमित रूप से हर महीने होनी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि भविष्य में दानपात्रों की गिनती प्रतिदिन कराने की व्यवस्था की जाए, ताकि दान राशि का हिसाब नियमित रूप से रखा जा सके और पारदर्शिता बनी रहे।