स्वच्छता संदेश देने आए निगमायुक्त पर भड़के लोग, कहा-जब गंदगी हटाने बोला तो कहां थे आप
पार्षद ने कमिश्नर से कहा-आपको और आपके निगम को चला रही है जेबीएम कंपनी
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। निवर्तमान पार्षद मनोज शर्मा के वार्ड नंबर 16 में स्वच्छता का संदेश देने गए कमिश्नर प्रदीप डागर को वार्ड-पांच के लोगों ने खरी-खरी सुनाई। लोगों ने कमिश्नर पर आरोप लगाए कि वे कूड़ा उठाने वाली कंपनी के साथ मिलीभगत करके काम कर रहे हैं। पार्षद मनोज शर्मा ने भी कमिश्नर को खरी खरी सुनाई। पार्षद ने कमिश्नर से कहा कि आपको और आपके निगम को जेबीएम कंपनी ही चला रही है। आपको सैकड़ों बार कह चुके हैं कि गंदगी उठवा दो, लेकिन आपने कभी उनकी सुनवाई नहीं की। अब क्यों स्वच्छता का संदेश दे रहे हो? दोनों पक्षों में गहमागहमी बढ़ती देख शहरी विधायक रोहिता रेवड़ी ने मामले को शांत कराया। कमिश्नर ने वार्ड का निरीक्षण किया और कर्मचारियों को सफाई के निर्देश दिए। इसके बाद कर्मचारियों ने सफाई नहीं की और वार्ड में गंदगी के ढेर लगे रहे।
पार्षद मनोज शर्मा ने कहा कि जेबीएम कंपनी के आने से पहले वार्ड-16 में सफाई के लिए तीन ट्रैक्टर ट्राली लगाई गई थी। जबसे कंपनी ने शहर में सफाई का काम शुरू किया है। शहर को गंदगी में तब्दील कर दिया है। बाजार व कॉलोनियां गंदगी से सनी हुई है। जेबीएम कंपनी ने उनके वार्ड से कूड़ा उठाने वाली ट्रैक्टर ट्राली को भी हटा दिया। उन्होंने कई बार प्रशासनिक अधिकारियों से सफाई कराने की गुहार लगाई, लेकिन किसी ने इस पर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कष्ट निवारण समिति की बैठक में भी अपनी शिकायत लगाई थी। लेकिन इसके बाद भी आयुक्त ने वार्ड में सफाई नहीं कराई। वार्ड की सभी कॉलोनियों में गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। अब मंगलवार को गांधी जयंती पर कमिश्नर प्रदीप डागर औपचारिकता पूरी करने के लिए वार्ड में स्वच्छता का संदेश देने पहुंचे थे। इस मौके पर शहरी विधायक रोहिता रेवड़ी को भी यहां आना था। यहां पहुंचने पर कमिश्नर की लोगों ने खरी-खरी सुनाई। लोगों ने आरोप लगाया कि वो सिर्फ फोटो खिंचवाने के लिए आए हैं और अपनी ड्यूटी सही प्रकार से नहीं कर रहे हैं। पार्षद ने कमिश्नर से कहा कि आपको और आपके निगम को जेबीएम कंपनी ही चला रही है। आपको सैकड़ों बार कह चुके हैं कि गंदगी उठवा दो, लेकिन आपने कभी उनकी सुनवाई नहीं की। अब क्यों स्वच्छता का संदेश दे रहे हो? दोनों पक्षों में विवाद को बढ़ता देख रोहिता रेवड़ी ने मामले को शांत कराया और कमिश्नर को वार्ड 16 में तुरंत प्रभाव से सफाई करने के निर्देश दिए। इस पर कमिश्नर प्रदीप डागर का कहना है कि उनके संज्ञान में अब वार्ड 16 की समस्या आई है। सफाई कराई जा रही है।