उरलाना में बच्ची की मौत के बाद आश्वासनों का मरहम, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नाखून के भी मिले निशान
जिले के थाना मतलौडा के अंतर्गत उरलाना कलां गांव में दिया था वारदात को अंजाम
पुलिस दोनों आरोपियों को आज करेगी कोर्ट में पेश
फोटो-31 व 32
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। उरलाना कलां में 12 साल की बच्ची के साथ दरिंदगी के बाद पीड़ित परिवार को भाजपा महिला मोर्चा व जनवादी महिला समिति समेत विभिन्न संगठनों ने आश्वासनों का मरहम लगाया। गांव में पीड़ित परिवार के घर पूरा दिन सांत्वना देने वालों का तांता लगा रहा। इसी मामले में कांग्रेस की राज्यसभा सांसद कुमारी शैलजा मंगलवार को गांव में पहुंचेंगी। वहीं पुलिस ने दोनों आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर ले लिया है और बच्ची की बिसरा रिपोर्ट जांच के लिए मधुबन लैब में भेज दी है।
उरलाना कलां गांव में सोमवार को सुबह ही विभिन्न संगठनों का पीड़ित परिवार के घर आना शुरू हो गया और यह सिलसिला शाम तक चलता रहा। पुलिस ने बच्ची की पोस्टमार्टम रिपोर्ट लेने के साथ बिसरा जांच के लिए भेजा। वहीं पुलिस ने बच्ची के स्लाइड भी जांच के लिए भेज दिए हैं।
बच्ची ने छूटने के लिए की भी पूरी कोशिश
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची की गला घोंटकर हत्या करना साफ हो गया है। वहीं डॉक्टरों ने दुराचार की अपने स्तर पर पुष्टि नहीं की है। डॉक्टरों ने मधुबन लैब में भेजी स्लाइड की रिपोर्ट के आधार पर इसकी पुष्टि करने की बात कही है। बच्ची के शरीर पर तीन-चार जगह नाखून व खरोंच के निशान मिले हैं।
भाजपा महिला मोर्चा ने दिया आश्वासन
भाजपा महिला मोर्चा टीम सोमवार को जिलाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता की अगुवाई में उरलाना गांव में पहुंची। डॉ. गुप्ता ने पीड़ित परिवार की महिलाओं से बातचीत की और परिवार के लोगों को सांत्वना दी। डॉ. गुप्ता ने दोनों दरिंदों को सजा दिलवाने के लिए भी आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को मौत से नीचे सजा नहीं देनी चाहिए। ताकि फिर कोई इस तरह की दरिंदगी करने की सोच भी न पाएं। उन्होंने कहा कि सरकार को भी ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाने की आवश्यकता है। महिला मोर्चा की पूरी टीम ने एसपी राहुल शर्मा व मतलौडा थाना प्रभारी संदीप कुमार का मामले में त्वरित कार्रवाई कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने की सराहना की। इस मौके पर डॉ. सीमा शर्मा, संतोष ठक्कर, निशा बंसल, सुनीता सिवाच, गीता गाभा, मोना शर्मा, प्रीति, महक दीवान, अनु भाटिया, कोमल कोचर, कमला व बिमला मौजूद रहे
जनवादी महिला समिति पहुंची पीड़ित परिवार से मिलने
जनवादी महिला समिति का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को उरलाना कलां में पहुंचा और पीड़ित परिवार से मिलकर अपनी संवेदना प्रकट कर सहयोग का भरोसा दिया।
राज्य नेता रामकली जांगड़ा, जिला सचिव पायल, अध्यक्ष संतरो ने कहा कि समिति ने इसके विरोध में मंगलवार को प्रदेशभर में दुराचार की वारदात के विरोध प्रदर्शन करेंगी। तीन दिन पहले कुरुक्षेत्र की 15 वर्षीय छात्रा के साथ बेहद घिनौना कांड हुआ। कालका में भी बच्ची के साथ दरिंदगी व फरीदाबाद में युवती के साथ गैंगरेप की घटना सामने आई है। नेशनल क्राइम ब्यूरो के आंकड़ों के अनुसार हर 21 मिनट में एक महिला दुराचार का शिकार हो रही है। प्रति लाख महिलाओं के हिसाब से हरियाणा देश में सामूहिक दुराचार के मामलों में पहले स्थान पर है, परंतु सत्ता में बैठी भाजपा सरकार बच्चियों व महिलाओं को सुरक्षा का दंभ भरते नहीं थकती है।