एनएफएल के नजदीक विकास नगर में रहने वाले 40 वर्षीय युवक की मंगलवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची आठ मरला चौकी पुलिस ने शव को सामान्य अस्पताल पहुंचाया। वहीं बुधवार को परिजनों के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
जांच अधिकारी हैैड कांस्टेबल उमेश कुमार ने बताया कि रमेश यादव पुत्र टेकराम यादव मूल रुप से मलहार पिल्लूखेड़ा,जींद का रहने वाला था। वह पानीपत में पिछले कई साल से विकास नगर में रहता था और मेहनत मजदूरी करता था। उसके दो बच्चे है, एक बेटा व एक बेटी। बेटे से प्राथमिक पूछताछ के अनुसार रमेश मंगलवार सुबह आठ बजे घर से फैक्ट्री के लिए निकला था। वहीं मंगलवार दोपहर दो से ढाई बजे के बीच उनके पास मौत होने की सूचना मिली थी। डॉक्टर ने शव का पोस्टमार्टम कर विसरा जांच के लिए भेजा है। विसरा रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।