अलग-अलग ओपीडी में जांच के लिए भटकते रहे दिव्यांग, व्हीलचेयर और एक जगह जांच की व्यवस्था करने की उठी मांग
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। जिला नागरिक अस्पताल में बुधवार को आयोजित दिव्यांग जांच शिविर में 40 लोगों ने पंजीकरण कराया। इनमें से 29 को दिव्यांग प्रमाणपत्र जारी किए गए, जबकि तीन मामलों को आगे की जांच के लिए रेफर किया गया। शेष आठ आवेदकों की भी चिकित्सकीय जांच की गई।
शिविर में सर्जरी, मेडिसिन, ईएनटी और ऑर्थो विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने जांच की। हालांकि, सभी चिकित्सकों के अलग-अलग ओपीडी में बैठने के कारण दिव्यांगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
रमेश और अमृतपाल ने बताया कि वे सुबह नौ बजे ही पंजीकरण करा चुके थे, लेकिन अलग-अलग विभागों में जांच करवाने के लिए उन्हें काफी देर तक भटकना पड़ा। उन्होंने मांग की कि दिव्यांग बोर्ड के सभी चिकित्सकों की जांच एक ही स्थान पर होनी चाहिए, ताकि आवेदकों को अलग-अलग ओपीडी के चक्कर न लगाने पड़ें।
इसके अलावा अस्पताल में दिव्यांगों के लिए व्हीलचेयर की पर्याप्त व्यवस्था करने की भी जरूरत है। उनका कहना था कि जरूरत के समय व्हीलचेयर उपलब्ध नहीं हो पाती।
नोडल अधिकारी डिप्टी सीएमओ डॉ. बिजेंद्र सिंह हुड्डा ने बताया कि सभी आवेदकों की नियमानुसार जांच की गई। पात्र लोगों को प्रमाणपत्र जारी किए गए, जबकि आवश्यक मामलों को आगे की जांच और उपचार के लिए रेफर किया गया है।
19