संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। यातायात पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया है। इसके अंतर्गत पुलिस ने वीरवार को नेशनल हाइवे सहित विभिन्न स्थानों व मार्गों पर गहनता से चेकिंग की। इस दौरान ड्रिंक एंड ड्राइव, लेन चेंज, प्रेशर हॉर्न, रॉग पार्किंग, बगैर नंबर प्लेट, रॉन्ग साइड ड्राइविंग व दोपहिया वाहन पर ट्रिपल राइडिंग, बुलेट बाइक से पटाखे छोड़ना, बिना हेल्मेट और अन्य यातायात नियमों की उल्लंघन करते पाए जाने पर 392 वाहनों के चालान किए व 10 को इंपाउंड किया गया।
यातायात उप पुलिस अधीक्षक सुरेश कुमार सैनी ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना है। साथ ही अपराधों पर नियंत्रण स्थापित करना है। सड़क पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने से आए दिन हादसे घटित हो रहे हैं। इनमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हो जाते है और कई लोगों की मौत हो जाती है। उन्होंने बताया कि पुलिस का यह अभियान जारी रहेगा।