संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। प्राथमिक चिकित्सा के लिए जिले में 40 हजार युवा अलग-अलग क्षेत्रों में जिला रेडक्रॉस सोसाइटी से बुनियादी प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। ऐसे युवाओं को ड्राइविंग लाइसेंस, उद्योगों में व्यावसायिक, स्कूलों व विश्वविद्यालयों में, सीपीआर, व्यावसायिक प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। सोसाइटी की ओर से प्रशिक्षण के साथ युवाओं को जागरूक किया जाता है।
जानकारी के अनुसार हर साल सितंबर माह के दूसरे शनिवार को विश्व प्राथमिक चिकित्सा दिवस मनाया जाता है। जिला रेडक्राॅस सोसाइटी की ओर से इस साल भी ऐसे 150 प्रोफेशनल ड्राइविंग प्रशिक्षण कर्ताओं को प्राथमिक चिकित्सा के उपयोग व महत्व के बारे में बताया जाएगा। जो प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं। वर्ष 2024-2025 में ड्राइविंग लाइसेंस के लिए एक दिवसीय बुनियादी प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण में 14858, उद्योगों में व्यावसायिक प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण में 122 उद्योगों के 1778 कर्मचारी, स्कूलों में एक दिवसीय बुनियादी प्राथमिक चिकित्सा और सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण 30 स्कूलों के 6500 प्रतिभागी, सीपीआर प्रशिक्षण में 15500 प्रतिभागी, व्यावसायिक प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण में 1190 प्रतिभागी प्रशिक्षण ले रहे हैं। युवाओं को जागरूक करने के लिए नियमित रूप से कार्यक्रम किए जाते हैं। विश्वविद्यालयों में यूथ रेड क्रॉस और स्कूलों में जूनियर रेडक्रॉस विंग के माध्यम से युवाओं को जागरूक किया जाता है।
अभी लगभग 40 हजार युवा विभिन्न क्षेत्रों के लिए प्रशिक्षण ले रहे हैं। संगठन के सदस्य स्कूलों, कॉलेजों में जाकर जागरूकता कार्यक्रम करते हैं और युवाओं को प्राथमिक चिकित्सा के महत्व व उपयोग के बारे में बताते हैं। इसका उद्देश्य किसी भी हादसे में नुकसान को कम करना है।
गौरव रामकरण, सचिव, जिला रेडक्रॉस सोसाइटी।