पानीपत। ठगों ने ऑनलाइन शेयर खरीदने के झांसे में लेकर मॉडल टाउन के व्यक्ति से 3.80 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने पीड़ित को शेयर मार्केट में शेयर खरीदने पर मुनाफे का झांसा देकर अपनी बातों में फंसाया था। पीड़ित ने इसकी शिकायत साइबर अपराध थाना पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले में अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है।
मॉडल टाउन निवासी दीपक कुमार ने बताया कि छह जून को अज्ञात व्यक्ति ने उसे व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा था। ग्रैप में शेयर मार्केट में पैसा लगाने के बारे में बताया जा रहा था। उसने 26 जुलाई को ऑनलाइन ट्रेडिंग खाता खोलने के लिए कहा गया। उसने उनके कहने पर खाता खुलवा लिया। उसने 80 हजार रुपये के शेयर खरीद लिए। उसको ऑनलाइन काफी फायदा दिखाया गया। जब वह पैसे निकाने लगा तो उसे कहा गया कि पैसे निकालने के लिए तीन लाख रुपये के शेयर और खरीदने पड़ेंगे। उसने उनके कहने पर तीन लाख रुपये उनके खाते में जमा करवा दिए। उसे बाद में पता चला कि उसके साथ 3.80 लाख रुपये की ठगी की गई है। यह कंपनी फ्रॉड है। फिर उसने इसकी शिकायत साइबर अपराध थाना पुलिस को दी।