पानीपत। प्रदेश सहित जिले में पहले चरण में खंड स्तर पर आयोजित सुपर-100 लेवल-1 परीक्षा बुधवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुई। जिले में 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। जिले में पंजीकृत 5284 विद्यार्थियों में से 71.7 प्रतिशत अर्थात 3790 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी जबकि 1494 अनुपस्थित रहे। मेरिट में आने वाले विद्यार्थियों को जिला स्तर पर आयोजित होने वाली सुपर-100 लेवल-2 की परीक्षा में बैठने का मौका मिलेगा। शेड्यूल के अनुसार सुपर-100 लेवल-1 का परीक्षा परिणाम 15 मार्च को जारी होगा लेकिन परीक्षा के तीन चरण किए जाने से शेड्यूल में बदलाव संभव है।
परीक्षा दोपहर साढ़े 12 बजे शुरू हुई जो दोपहर 2:30 बजे तक चली। परीक्षा के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुभाष चंद्र भारद्वाज, परीक्षा के नोडल अधिकारी जिला विज्ञान विशेषज्ञ संदीप संभ्रवाल समेत विभिन्न शिक्षा अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। परीक्षा के समापन पर विद्यार्थियों द्वारा भरी हुई ओएमआर शीट व अटेडेंस शीट का पैकेट तथा बिना इस्तेमाल ओएमआर शीट के पैकेट को केंद्र अधीक्षक की ओर से जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जमा करवाया गया।
200 अंक की परीक्षा में पूछे 50 प्रश्न
शिक्षा विभाग की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार सुपर-100 की प्रवेश परीक्षा के लिए प्रदेश में 178 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। सुपर-100 लेवल-1 परीक्षा में कक्षा 10वीं के छात्रों के लिए 200 अंकों का गणित आधारित प्रश्न-पत्र था, जिसमें 50 बहुविकल्पीय प्रश्न शामिल थे। प्रत्येक गलत उत्तर पर एक अंक की निगेटिव मार्किंग लागू की गई। पहले दो चरणों की परीक्षा में सफल होने वाले छात्रों को लेवल-3 वर्कशॉप के लिए हरियाणा सुपर-100 कैंपस कुरुक्षेत्र बुलाया जाएगा। तीन दिवसीय इस वर्कशॉप के आधार पर अंतिम चयन किया जाएगा।
केंद्र अनुसार सुपर-100 परीक्षा देने वाले विद्यार्थी
परीक्षा केंद्र कुल अलॉट उपस्थिति अनुपस्थित
जीजीएसएसएस बापौली - 294 233 61
जीएसएसएस बापौली - 274 176 98
जीएसएसएस सनौली खुर्द- 277 229 48
जीजीएसएसएस इसराना - 153 135 18
जीएमएसएसएसएस इसराना- 225 176 49
जीएसएसएस नौल्था - 186 119 67
जीजीएसएसएस मतलौडा- 329 237 92
जीएमएसएसएसएस मतलौडा- 329 245 84
जीएसएसएस नारा - 198 159 39
जीएसएसएस सिठाना - 294 215 79
जीजीएसएसएस मॉडल टाउन- 364 289 75
जीजीएसएसएस सिवाह - 277 157 120
जीएमएसएसएसएस जीटी रोड- 392 267 125
जीएसएसएस सिवाह - 411 266 145
जीएसएसएस तहसील कैंप- 300 229 71
जीएसएसएस मच्छरौली - 275 116 159
पीएमश्री जीएसएसएस समालखा- 353 236 117
पीएमश्री जीएसएसएस पावटी- 353 306 47
कुल - 5284 3790 1494
तीन चरणों में होगी सुपर-100 परीक्षा
मिशन बुनियाद की तर्ज पर सुपर-100 की परीक्षा भी अब तीन चरणों में आयोजित की जाएगी, इससे पहले सुपर-100 की परीक्षा दो चरणों में आयोजित की जाती थी। सरकार ने योजना में बदलाव करते हुए इसे तीन चरणों में आयोजित करने का निर्णय लिया है।
शिक्षा विभाग की तरफ से जारी शेड्यूल के अनुसार बुधवार को सुपर-100 लेवल-1 की परीक्षा आयोजित की गई, जिले में कुल अलॉट 5284 विद्यार्थियों में से 3790 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। जिले में 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। सभी केंद्र पर परीक्षा का सफल आयोजन हुआ।
- संदीप संभ्रवाल, जिला विज्ञान विशेषज्ञ, पानीपत।