पानीपत। मॉडल टाउन थाना क्षेत्र में जाटल रोड स्थित एटीएम बूथ पर युवक ने जीआरपी थाने में तैनात एसआई सुरेंद्र का डेबिट कार्ड बदलकर खाते से 34 हजार रुपये निकाल लिए। एसआई 15 मई को पैसे निकालने के लिए एटीएम बूथ पर गए थे। जहां पर युवक ने झांसा देकर उनका कार्ड बदलकर वारदात को अंजाम दिया। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर युवक की तलाश शुरू कर दी।
जीआरपी पानीपत में तैनात एसआई सुरेंद्र ने मॉडल टाउन थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। उनका कहना है कि वह 15 मई को जाटल रोड स्थित कैनरा बैंक के एटीएम बूथ से पैसे निकालने के लिए गए थे। जब वह रुपये निकाल रहे थे तो बूथ के अंदर एक अन्य युवक मौजूद था। उन्होंने रुपये निकालते समय गलती से अपना पिन कोड दो बार डाल दिया जिस कारण रुपये नहीं निकले। इसी बीच युवक ने मदद का झांसा दिया और डेबिड कार्ड लेकर एटीएम बूथ में लगाया। इसकी बीच उसने कार्ड बदल लिया और कहा कि पिन कोड गलत हो गया है। जिस कारण रुपये नहीं निकल पा रहे हैं, इसके बाद एसआई वहां से चले गए।
एसआई सुरेंद्र ने बताया कि 19 मई को वह बैंक में पहुंचे और खाते की जांच कराई। तब पता चला कि उनके खाते से 15 और 16 मई को 34 हजार रुपये निकाले गए हैं। उन्होंने तुरंत ही थाने में शिकायत दी।