जनता समाधान शिविर में समस्या रखते फरियादी। स्रोत : सूचना विभाग
पानीपत। जनता की समस्याओं के निस्तारण करने के लिए प्रशासन की ओर से आयोजित किए जा रहे समाधान शिविर में फरियादियों की समस्याएं हल नहीं हो रही हैं। हां उन्हें आश्वासन जरूर मिल रहा है।
जिला सचिवालय के द्वितीय तल के सभागार में सोमवार को भी जनता समाधान शिविर का आयोजन किया गया। हर बार की तरह अधिकारी जनता की समस्याएं सुनने के लिए पहुंचे। जब लोगों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं तो उन्हें जल्द समस्या समाधान के निर्देश दिए गए। सोमवार को 34 लोग शिविर में अपनी-अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे इनमें से समाधान एक का भी नहीं हो सका।
बिहौली गांव के ग्रामीणों ने बेसहारा पशुओं से ग्रामीण परेशान हो गए हैं। खेतों में गेहूं और दूसरी फसल तक बचा पाना मुश्किल हो गया, साथ ही इनके सड़क पर आने से हादसों का डर लगा रहता है। ग्रामीणों ने सोमवार को जनता समाधान शिविर में उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार के सामने अपनी समस्या रखी। ग्रामीणों ने बेसहारा पशुओं को गोशाला में पहुंचाने की मांग की। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए, इनके साथ समाधान शिविर में 34 लोग पहुंचे। शिविर में ज्यादातर पेंशन, परिवार पहचान पत्र और राशन कार्ड की शिकायत रहीं। इनका समाधान नहीं हो पाया। जनता समाधान शिविर सोमवार को जिला सचिवालय के द्वितीय तल के सभागार में लगाया गया। उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने लोगों की समस्या सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि समस्याओं के समाधान में अधिकारी की तरफ से लापरवाही, टालमटोल या उदासीन रवैया ठीक नहीं है। लोग यहां उम्मीद के साथ आते हैं। उनको समस्या का समाधान न होने पर आगे रास्ता नहीं मिल पाता। नगर निगम की संयुक्त आयुक्त मनी त्यागी और डीएसपी मुख्यालय सतीश वत्स ने लोगों को समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया। सीएम विंडो के एमिनेंट पर्सन कृष्ण आर्य, सुरेंद्र जोगी और गुलशन तलवार ने जनता समाधान शिविर की कार्रवाई देखी।