पानीपत। खाद्य सुरक्षा विभाग ने त्योहारी सीजन शुरू होने से लेकर अब तक 33 नमूने लिए हैं लेकिन रिपोर्ट नहीं आ पाई है। ऐसे में शुद्धता और मिलावट का पता नहीं चल पाया है। विभाग 14 दिन में रिपोर्ट आने का दावा कर रहा है लेकिन तक तब लोग दिवाली की मिठाई खा चुके होंगे।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पिछले सप्ताह वीरवार से मिठाइयों के नमूने लेने शुरू किए थे। टीम ने शुक्रवार तक लगातार नमूने लिए हैं। इसमें टीम वनस्पति घी, मावा, गुलाब जामुन, रसगुल्ला, मावा बर्फी, पनीर, ड्राई फ्रूट और मीठा मावा आदि के करीब 33 नमूने लिए हैं। इनको जांच के लिए चंडीगढ़ लैब भेजा गया है। इनकी अब तक रिपोर्ट नहीं आई है। सामाजिक कार्यकर्ता हरदीप और जितेंद्र का कहना है कि विभाग की ओर से इस समय नमूने लेने का कोई फायदा नहीं है। लोग मिठाई की शुद्धता का पता चलने से पहले उसे खा चुके होंगे। विभाग की ओर से नमूने लेने की कार्रवाई एक महीना पहले शुरू होनी चाहिए ताकि त्योहार शुरू होने से पहले लोगों को मिठाई की शुद्धता का पता चल सके।
अब तक लिए नमूने-
समालखा- 5, सनौली रोड के मावा भंडारों से 11, उरलाना कला- 4, तहसील कैंप, सनौली रोड और सब्जी मंडी-10 व हथवाला से 3।
विभाग द्वारा दिवाली से पहले ही खाद्य पदार्थों के नमूने लेने शुरू किए जा चुके हैं। मिलावटखोरों पर विभाग की निगरानी है। टीम द्वारा लिए गए नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं यदि जांच में कोई भी नमूना फेल आता है तो उस पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. बिरेंद्र यादव, जिला खाद्य सुरक्षा विभाग अधिकारी।