समालखा। बिजली निगम ने इंडस्ट्रियल एरिया के फैक्टरी मालिकों को नवरात्र के अवसर पर तोहफा देने का काम किया। बिजली निगम ने शहर के जीटी रोड पर स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में करीब पांच करोड़ की लागत से 33 केवी पावर सब स्टेशन बनाने का फैसला लिया है। जिसमें 12.5 एमवीए का ट्रांसफार्मर रखा जाएगा। इसके लिए समालखा बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता एमएस धीमान ने एचएसआईडीसी विभाग कार्यकारी अभियंता को करीब आधा एकड़ जमीन दिलाने के लिए पत्र भेजा।
उधर इंडस्ट्रियल एरिया में पावर हाउस के बनने पर फैक्टरी मालिकों ने खुशी जाहिर की और निगम के इस फैसले का स्वागत किया। इससे पहले इंडस्ट्रियल एरिया में लाइन ब्रेकडाउन होने पर फैक्टरी मालिकों को काफी देर तक बिजली आपूर्ति न होने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शहर के 220 केवी पावर हाउस से इंडस्ट्रियल एरिया मिनी सचिवालय व अनाज मंडी फीडर की सप्लाई की जा रही है। पावर हाउस से करीब दो या ढाई किलोमीटर दूर जीटी रोड पर हाई वोल्टेज की लाइनें गुजर रही है लेकिन इंडस्ट्रियल एरिया की लाइन ब्रेकडाउन होने पर सेफ्टी के लिए अनाज मंडी व मिनी सचिवालय की सप्लाई बंद करनी पड़ती है। इसी तरह मिनी सचिवालय व अनाज मंडी की लाइनें हाईवे पर ब्रेकडाउन के चलते इंडस्ट्रियल एरिया फीडर की सप्लाई बंद करनी पड़ती है। जिससे घरेलू उपभोक्ताओं के अलावा व फैक्टरी को मालिकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इंडस्ट्रियल एरिया एसोसिएशन समालखा के सचिव शिव कुमार गर्ग ने बताया कि निगम के इस फैसले का स्वागत करते हैं। इंडस्ट्रियल एरिया में 33 केवी पावर सबस्टेशन स्थापित करने से फैक्ट्री मालिकों को बिजली संकट से राहत मिलेगी। हालांकि 220 केवी पावर में भी कभी कभार खराबी के चलते परेशानी खड़ी हो रही है। उन्होंने बताया कि फिलहाल निगम की ओर से रिकवरी व बिजली कनेक्शन काटने का अभियान चल रहा है जिसमें इंडस्ट्रियल एरिया के फैक्ट्री मालिकों की ओर से 99 प्रतिशत के आसपास बकाया राशि जमा कराई गई है। बिजली निगम की पुरानी बिल्डिंग में भी 33 केवी पावर सबस्टेशन बनाने के लिए हरियाणा विद्युत प्रदूषण निगम की ओर से अनुमति मिल गई थी और इसके बाद बिल्डिंग तोड़ने का मामला सामने आया था जिसमें हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम द्वारा पुरानी बिल्डिंग को तोड़ने के लिए टेंडर छोड़ा गया है। इस संबंध में समालखा बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता एमएस धीमान ने बताया कि शहर के इंडस्ट्रियल एरिया में करीब पांच करोड़ की लागत से 33 के वी पावर सब स्टेशन स्थापित किया जाएगा। जिसकी मंजूरी मिल गई है। इसके लिए करीब आधा एकड़ जमीन दिलाने के लिए एचएसआईडीसी विभाग के कार्यकारी अभियंता को पत्र भेजकर मामले से अवगत कराया गया है।