पानीपत। एलपीजी सिलिंडर की कमी के बीच जमाखोरी व कालाबाजारी बढ़ गई है। डीएफएससी की टीम ने शुक्रवार को कंट्रोल रूम में मिली सूचना के आधार पर छोटूराम चौक के पास एक तालाबंद मकान से 33 खाली घरेलू सिलिंडर बरामद किए है।
मालिक के न मिलने पर सिलिंडर को एक एजेंसी के गोदाम में रखवा दिए हैं। टीम एक दिन पहले ही इसराना में सिलिंडर बरामद किए थे। अब सिलेंडरों की कालाबाजारी भी तेज कर दी गई है। विभाग के कंट्रोल रूम में इसकी शिकायत मिल रही है। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक दिव्या कुंडू ने बताया कि शुक्रवार दोपहर बाद उन्हें कंट्रोल रूम से एक सूचना मिली। उसी के आधार पर छोटूराम चौक राजाखेड़ी रोड पर पहुंचे। जहां मकान के गेट पर बाहर और अंदर दोनों लॉक लगे मिले। पुलिस को मौके पर बुलाया।
करीब एक घंटे इंतजार के बाद भी कोई नहीं आया तो पुलिस से मंजूरी लेकर वीडियोग्राफी कराने के साथ ताला तुड़वाया।
जहां पीछे एक शटर लगा मिला। उन्हें मौके से 33 खाली सिलिंडर मिले। उन्होंने बताया कि सिलिंडर को गैस एजेंसी के गोदाम में रखवा दिया गया है। ब्यूरो