फोटो संख्या- 7
रेलवे ने यात्रियों को फिर दी नई सौगात, अब ट्रेन में भी मिलेगा टिकट
टिकट लेने के लिए लंबी-लंबी लाइनों में धक्का-मुक्की से मिलेगी निजात
रवींद्र नैन।
पानीपत। ट्रेन की टिकट के लिए अब यात्रियों को टिकट काउंटर पर लंबी-लंबी लाइनों में लगने की जरूरत नहीं है। उत्तर रेलवे के दिल्ली डिविजन द्वारा यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए ट्रेन में ही टिकट मुहैया करवाने की सुविधा प्रदान की है। यात्रियों को अब ट्रेन में ही टिकट मिल जाएगा। फिलहाल सुपरफास्ट ट्रेनों में यह व्यवस्था लागू कर दी गई है। जल्द ही बाकी ट्रेनों में भी यही व्यवस्था होगी। इससे जहां अनारक्षित टिकट खरीदने वालों को लंबी लाइनों में लगकर धक्का-मुक्की खाने से छुटकारा मिलेगा, वहीं यात्रियों के समय की भी बचत होगी। यह सुविधा दिल्ली डिवीजन के सभी स्टेशनों के लिए लागू की गई है।
टिकट मशीन हैंड-हेल्ड से मिलेंगी टिकटें
जल्दबाजी में बिना टिकट लिए ट्रेन में चढ़ने पर यात्री को टिकट मशीन हैंड-हेल्ड से टिकट दी जाएगी। टीटीई को टिकट मशीन हैंड-हेल्ड मिलनी शुरू हो चुकी हैं। बिना टिकट लिए ट्रेन में चढ़ने वाले यात्री सीधे टीटीई से मिलेंगे। तय किराये से दस रुपये अतिरिक्त लेकर टीटीई इसी मशीन से टिकट देंगे। इसके अलावा मशीन के जरिये ही वेटिंग टिकट वाले मुसाफिरों को बर्थ खाली होते ही मिल जाएगी।
पहले चरण में सुपरफास्ट ट्रेनों में सुविधा शुरू
रेलवे ने प्रथम चरण में सुपरफास्ट ट्रेन, लखनऊ मेल, गरीब रथ, अर्चना सुपरफास्ट, राजधानी सुपरफास्ट आदि के टीटीई को हैंड-हेल्ड मशीन दी है। मशीन रेलवे के पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (पीआरएस) सर्वर से कनेक्ट रहेगी। इससे ट्रेन के हर कोच में खाली बर्थ और किस स्टेशन पर मुसाफिर उतरेगा इसकी जानकारी मिलती रहेगी।
मोबाइल एप पर टिकट बुकिंग की भी दी जा चुकी है सुविधा
उत्तर रेलवे के दिल्ली डिविजन द्वारा यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए मोबाइल एप पर अनारक्षित टिकट सिस्टम यूटीएस शुरू कर चुका है। इस एप से पैसेंजर ट्रेनों के अलावा मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों के जनरल टिकट भी बुक किए जा सकेंगे।
टीटीई की मनमानी होगी खत्म
ट्रेन छूटने की जल्दी में सवार होने वाले मुसाफिरों से टीटीई और स्क्वायड के सिपाही मनमाना जुर्माना एवं रुपयों की वसूली करते हैं। इसके साथ ही वेटिंग टिकट वाले यात्रियों को बर्थ न होने की बात कहकर बर्थ नहीं देते थे। मगर हैंड-हेल्ड मशीन से यात्री भी अपनी बर्थ की पोजीशन देख सकेंगे। इससे टीटीई की मनमानी भी खत्म होगी।
ट्रेन में चढ़ते ही टीटीई को बताना होगा : शर्मा
यात्री को ट्रेन में सवार होते ही टीटीई को बताना होगा कि उसने टिकट नहीं लिया है। मशीन से
टिकट बनवाना है। चेकिंग के दौरान यदि टीटीई ने बिना टिकट पकड़ा तो जुर्माना लगेगा। सुपरफास्ट ट्रेनों में यात्री सवार होने के बाद भी टीटीई से टिकट ले सकेंगे।
नीरज शर्मा, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर रेलवे।