अमन वर्मा
पानीपत। भारी वाहन चालकों की लापरवाही के कारण ट्रैफिक पुलिस की मशक्कत और सड़क सुरक्षा अभियान के बावजूद सड़क हादसों में कमी नहीं आ रही है। भारी वाहन चालक बायीं लेन को छोड़कर दायीं लेन में चलते हैं। इस वजह से हादसे होते हैं।
पानीपत में हर साल लगभग साढ़े 7 हजार सड़क हादसे होते हैं। इसकी बड़ी वजह भारी वाहनों का नेशनल हाईवे पर दायीं ओर चलना है जबकि नियमानुसार बड़े वाहनों को बायीं ओर चलना होता है। ऐसा अक्सर होता है कि सेक्टर की ओर मुड़ने वाले वाहन चालक कट लेकर अचानक से दूसरी लेन में चले जाते और पीछे से आ रहे वाहन चालक को एकदम से ब्रेक लगाना पड़ता है। इस कारण उसके पीछे आ रहे अन्य वाहनों को भी ब्रेक लगाने पड़ते हैं और सड़क पर हादसा हो जाता है। एक्सप्रेस-वे पर हैवी वाहनों के अलावा छोटे वाहन चालक भी लेन ड्राइविंग को फॉलो नहीं करते हैं। लिहाजा अपने साथ दूसरे के जीवन से भी खिलवाड़ करते हैं। ऐसे वाहनों पर पुलिस शिकंजा नहीं कस पा रही है।
ये हैं लेन के नियम
सड़क पर तीन लेन में वाहनों के चलने का प्रावधान है। दायीं साइड वाली लेन में छोटे वाहन (मोटरसाइकिल, साइकिल), बीच वाली लेन में कार या फोर ह्वीलर और बायीं लेन में बड़े, हैवी व ओवर लोड वाहनों के चलने का नियम है। लेकिन वाहन चालक इन नियमों की रोजाना अवहेलना करते हैं। इनकी लापरवाही के कारण आए दिन सड़क हादसे भी हो रहे हैं। हादसों में लोगों की मौत भी हो रही है। ऐसे वाहन चालकों के चलान भी कटतेे हैं।
बाइक चालकों के साथ होती है अधिक दुघर्टना
सड़क पर लेन में चलने के मामले में बाइक सवार चालक अधिक सचेत हैं लेकिन फिर भी सड़क हादसों में इन्हीं के साथ सबसे ज्यादा दुर्घटना घटित होती है। क्योंकि पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ओवर लोड वाहन अपनी दिशा में न चलकर, छोटे वाहनों वाली लाइन में अधिक चलते हैं।
5 कट पर 5 माह में 43 हादसे, 20 की मौत
जनवरी से 6 मई तक सड़क हादसों में 22 मोटरसाइकिल चालक की मौत हो चुकी है। जबकि बहुत से वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हैं। 5 कट पर शहर में सबसे अधिक हादसे होते हैं।
पांच माह में दूसरी लेन में चलने वाले 550 वाहनों के काटे चालान
पुलिस यातायात के नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई का दावा करती है। पुलिस के मुताबिक, पांच माह में दूसरी लेन में चलने वाले 550 वाहनों के चालान कटे हैं। इसके बावजूद हाईवे पर अकसर बड़े वाहन दायीं ओर चलते देखे जा सकते हैं।
-----
वाहन चालकों को भी जागरूक होना पड़ेगा। सड़क पर चलते हुए हादसों का शिकार चालक ही होते हैं। ऐसे में किसी जगह पर पुलिस को खड़ा न पाकर वो गलत दिशा में वाहन न चलाएं। पुलिस के पास मैनपावर की भी कमी है।
-चंद्रमोहन, एएसपी
फोटो सहित -10 से 13
बाइक की लेन में चलते हैं भारी वाहन, हादसे से जाती हैं जानें
-बाबरपुर, गांजबड़, सिवाह, हलदाना व मनाना के पास भारी वाहनों की चपेट में आने से पांच माह में 20 बाइकर्स की मौत