ढोढपुर के सरपंच, पूर्व सरपंच, ग्राम सचिव, बीएलओ तथा बीडीपीओ के खिलाफ केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
समालखा।
गांव ढोढपुर निवासी कपूर सिंह की अदालत में दी गई अर्जी पर कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने वर्तमान सरपंच पूर्व सरपंच ग्राम सचिव, बीएलओ तथा बीडीपीओ के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कपूर सिंह ने शिकायत में उपरोक्त पर जाली दस्तावेज, धोखाधड़ी व नाबालिगों के वोट बनाने का आरोप लगाते हुए कोर्ट में इस्तगासा दायर किया था। शिकायत में कपूर सिंह ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरपंच ने सरपंच बनने से पहले पूर्व सरपंच के साथ मिलकर फर्जी व जाली तरीके से सरपंच की मोहर का गलत प्रयोग किया। जिससे उन्होंने सरपंच के पद की गरिमा को ठेस पहुंचाई। उसी दौरान वर्तमान सरपंच ने तत्कालीन सरपंच, बीएलओ व खंड कार्यालय के अधिकारियों से मिलीभगत कर नाबालिग बच्चों की वोट बनवाई तथा कइयों की दोहरी वोटें बनवाते हुए धोखाधड़ी करने का काम किया। आरटीआई से इसकी जानकारी मिलने के बाद उसने समालखा थाना में फरवरी माह में इसकी शिकायत की। लेकिन पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद उसने कोर्ट में अर्जी देकर केस दर्ज करने की गुहार लगाई थी। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने सरपंच, पूर्व सरपंच, ग्राम सचिव, बीएलओ व बीडीपीओ के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।