फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Panipat News: शहर और बाजारों में बिखरा पड़ा 300 टन कूड़ा, जेबीएम की गाड़ियों को भी डोर-टू-डोर उठान से रोका

विज्ञापन
​शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा को ज्ञापन सौंपते यूनियन नेता। स्रोत : यूनियन
विज्ञापन
पानीपत। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर नगर निगम और अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों की काम छोड़ हड़ताल वीरवार को 15वें दिन भी जारी रही। हड़ताल के कारण शहर में सफाई व्यवस्था ठप हो गई है। घरों, गलियों व बाजार में जगह-जगह करीब 300 टन कूड़ा पड़ा है। जेबीएम कंपनी की डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने में लगी गाड़ियों को भी रोका जा रहा है। ऐसे में घरों से कूड़ा उठान का कार्य भी प्रभावित हो रहा है।
विज्ञापन

यूनियन ने काम छोड़ हड़ताल के अंतर्गत वीरवार को शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा को भाजपा के सेक्टर 13-17 स्थित श्याम कमल कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। शिक्षा मंत्री ने कर्मचारियों की मांगों को लेकर मंगलवार को मुख्यमंत्री से बातचीत कर समाधान निकालने का आश्वासन दिया। यूनियन के बैनर तले कर्मचारियों ने पालिका बाजार कार्यालय से प्रदर्शन शुरू किया। जीटी रोड और बरसत रोड से होते हुए करीब पांच किलोमीटर लंबा प्रदर्शन किया। इसकी अगुवाई जिला इकाई प्रधान नरेश कुमार अठवाल ने की और संचालन जिला इकाई सचिव राजन कुमार और वरिष्ठ उप-प्रधान जसबीर ने किया। यूनियन के प्रधान नरेश अठवाल ने कहा कि सरकार कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही है। यूनियन की हड़ताल 21 अगस्त को भी जारी रहेगी। इसके बाद राज्य कार्यकारिणी के निर्देशानुसार आगामी रणनीति बनाई जाएगी। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने शहरी विधायक के कार्यालय के बाहर बैरिकेड्स लगा दिए थे। इस मौके पर कर्मबीर, बलवान, रमेश पहल, परविंद्र राठी, जितेंद्र, विनोद शर्मा और विकास कांगड़ा मौजूद रहे।

बाॅक्स
डोर-टू-डोर गाड़ियों को रुकवाना शुरू किया
नगर निगम के हड़ताली कर्मचारियों ने डोर-टू-डोर कूड़ा उठान में लगी जेबीएम कंपनी की गाड़ियों को रोकना शुरू कर दिया। सुबह के समय गाड़ियों को कूड़ा उठान के लिए नहीं जाने दिया जा रहा है। जेबीएम की गाड़ी दिन या फिर शाम के समय कूड़ा उठा रहे हैं। ऐसे में पूरे शहर में गाड़ी नहीं पहुंच पाई। लोगों के घरों में डस्टबिन भर गए हैं।
विज्ञापन


बाॅक्स


परेशानी लोगों की जुबानी
मॉडल टाउन के राजेश वर्मा ने बताया कि पिछले कई दिनों से मुख्य सड़क पर कचरा पड़ा हुआ है। तेज धूप और बारिश की नमी के कारण बदबू बढ़ गई है। ऐसे सांस लेना तक दूभर हो गया है। बच्चों और बुजुर्गों के बीमार पड़ने का डर लगातार बना हुआ है।
सेक्टर-11-12 निवासी सुनीता देवी ने बताया कि घर के बाहर कचरे के ढेर लगे हैं। जेबीएम की गाड़ियां भी नहीं आ रही हैं। हड़ताल कर्मचारियों की है, लेकिन इसकी सजा आम जनता को झेलनी पड़ रही है। नगर निगम को कोई वैकल्पिक व्यवस्था तुरंत करनी चाहिए।
जीटी रोड बाजार के व्यापारी विकास गुप्ता ने बताया कि दुकानों के बाहर कूड़ा बिखरा पड़ा है। बदबू के कारण ग्राहक दुकानों पर रुकने से कतरा रहे हैं। व्यापार पर सीधा असर पड़ रहा है।
उझा रोड के अमित कुमार ने बताया कि कूड़े के ढेरों को बेसहारा पशु सड़कों पर फैला देते हैं। इससे हादसों का खतरा बना हुआ है। सीवर और नालियों के आसपास सफाई न होने से मच्छर पनप रहे हैं। जनहित को देखते हुए इस हड़ताल का समाधान जल्द से जल्द होना चाहिए।
वर्जन :
कर्मचारियों की हड़ताल के कारण कई जगह पूरी सफाई नहीं हो पा रही है। सफाई और कूड़ा उठान के लिए वैकल्पिक संसाधनों की मदद ली जा रही है। आम जनता को हो रही असुविधा को दूर करने के लिए जल्द ठोस कदम उठाए जाएंगे।
अरुण, डीएमसी, नगर निगम।

शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा को ज्ञापन सौंपते यूनियन नेता। स्रोत : यूनियन

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें