पानीपत। जिला नागरिक अस्पताल में 1 नवंबर से एमआरआई शुरू हुई है। एक सप्ताह में लगभग 260 लोगों की एमआरआई हो चुकी है। इससे अस्पताल का रेफरल शून्य हुआ है और लोगों को पास में ही एमआरआई और सीटी स्कैन की सुविधा कम खर्च में मिल रही है। अस्पताल में बिना वेटिंग के एमआरआई की जा रही है।
जिले में अब तक एमआरआई की सुविधा न होने से लोगों को पीजीआई खानपुर रेफर किया जाता था जिससे वहां न जाकर मजबूरी में निजी अस्पतालों में महंगी एमआरआई करवानी पड़ती थी। अब एक छत के नीचे सीटी स्कैन और एमआरआई की सुविधा मिल रही है। सीटी सेंटर के प्रभारी विजय राणा ने बताया कि अस्पताल में सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी मोड) पर एमआरआई की जा रही है। बीपीएल-आयुष्मान कार्डधारकों, हरियाणा सरकार के कर्मचारियों की नि:शुल्क की जा रही है। वहीं अन्य लोगों से भी 70 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। अब तक बीपीएल कार्डधारकों में 168, हरियाणा सरकार के कर्मचारियों में 38, आयुष्मान कार्ड से 11 और कैश पेय से 51 की एमआरआई हो चुकी है। अस्पताल में बिना वेटिंग के एमआरआई की जा रही है। रिपोर्ट आने में 24 घंटे का समय लगता है।
मैं 76 साल का हूं और टीडीआई हुडा का रहने वाला हूं। मुझे कई साल से गर्दन, सिर में हल्का दर्द रहता था और चक्कर आता था इसलिए मैंने प्रेम अस्पताल में दो साल पहले एमआरआई लगभग छह हजार में करवाई थी। उसके बाद भी कई स्थानों पर करवाने के लिए पहुंचा लेकिन अब शुक्रवार को जिला नागरिक अस्पताल में एमआरआई करवाई। लगभग 20 मिनट में एमआरआई हो गई। हर प्रकार से हर संतुष्टिदायक रही।
- सुभाष चंद्र पहावा, पूर्व एमओ जिला नागरिक अस्पताल पानीपत
मैं सफीदों के खरक गागर का रहने वाला हूं और करनाल पुलिस लाइन में कार्यरत हूं। मुझे पांच महीने से कभी-कभी चक्कर आने की समस्या हो रही थी। कुछ दिन पहले ही पानीपत जिला नागरिक अस्पताल में अति आधुनिक एमआरआई मशीन के बारे में पता चला तो यहीं पर एमआरआई करवाने का फैसला लिया। शुक्रवार को लगभग 20 मिनट में गर्दन, सिर और इंजूम की एमआरआई हुई जिसकी रिपोर्ट शनिवार दोपहर दो बजे के बाद मिलेगी। यहां पर एमआरआई करवाना सुविधा और संतुष्टजनक रहा।
- ऋषि राम, खरक गागर सफीदों
सुभाष चंद्र पहावा। संवाद