पानीपत। जिले में शनिवार को कोरोना के नए 253 रोगी मिले हैं। इनमें से रिफाइनरी टाउनशिप के रोगियों की संख्या 28 है। समालखा, मॉडल टाउन, सेक्टर 13, 17 व सेक्टर 18 में शनिवार को कोरोना के 60 केस मिले हैं। शनिवार को मिले कोरोना के रोगियों में बच्चों की संख्या 22 है। कोरोना की तीसरी लहर में अब तक तीन वर्ष से कम आयु के 10 बच्चे कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं।
शनिवार को 123 लोग कोरोना से ठीक भी हुए हैं। अब जिले में कोरोना के सक्रिय रोगियों की संख्या 2016 है। इनमें से 18 लोग स्वास्थ्य केंद्रों में दाखिल हैं, बाकी घरों में आइसोलेट हैं। इस लहर में अब तक कोरोना से एक युवती समेत तीन लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना की तीसरी लहर में लगातार कम हो रही कोरोना जांच स्वास्थ्य विभाग के लिए चिंता का विषय है। कोरोना की दूूसरी लहर में हर रोज दो हजार से अधिक लोग अपनी जांच कराते थे। इस लहर में हर रोज एक हजार लोगों की भी जांच नहीं होती। इन सैंपल के हिसाब से पॉजिटिविटी रेट 20 प्रतिशत से अधिक है।
अब तक जिले का पॉजिटिविटी रेट 6.2 प्रतिशत
जिले में अब तक कोरोना के 34,640 केस दर्ज हो चुके हैं। 644 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। अब तक जिले में 4,99,312 लोगों की कोरोना जांच हो चुकी है। शनिवार को महज 741 लोगों ने अपनी कोरोना जांच कराई है। जिले में कोरोना का पॉजिटिविटी रेट अब तक 6.2 प्रतिशत है। कोरोना की तीसरी लहर में अब तक पॉजिटिविटी रेट 10 प्रतिशत है।
पिछले नौ दिनों में 1183 की औसत से हुई सैंपलिंग
कोरोना के लगातार बढ़ रहे खतरे के बीच कोरोना सैंपलिंग की संख्या लगातार घट रही है। ये स्वास्थ्य विभाग के लिए चिंता का विषय है। पिछले छह दिन में अब तक महज 11835 लोगों ने अपनी जांच कराई है। हर रोज 1183 की औसत से कोविड जांच हो रही है।
कोरोना संक्रमण पीक पर है , अपना ध्यान रखें
जिले में अब तक ओमिक्रॉन के पांच केस मिले हैं। कोरोना की तीसरी लहर में संक्रमण पीक पर है । लोगों से अपील है कि वो लापरवाही न बरतें। कोरोना के नियमों का पालन करें। अगर कोरोना के लक्षण है कि तो अपनी जांच अवश्य कराएं। - डॉ. सुनील संदुजा, डिप्टी सिविल सर्जन