पुरानी बिल्डिंग की मियाद पूरी होने के सवाल पर डीजी हैरान, कहा- कराएंगे जांच
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। एनएचएम के डीजी व कंस्ट्रक्शन डिविजन स्वास्थ्य विभाग के डीजी ने सिविल अस्पताल की निर्माणाधीन नई बिल्डिंग व पुराने भवन का मौका देखा। उन्होंने नए अस्पताल का काम पूरा करने को लेकर ठेकेदार से बात की। ठेकेदार ने 28 फरवरी तक काम पूरा कर देने का दावा किया। वहीं पुराने अस्पताल के भवन के कंडम की स्थिति में जाने पर डीजी एनएचएम ने इसका पीडब्ल्यूडी से जांच कराने का जवाब दिया। पुराने भवन की मरम्मत को लेकर विभाग द्वारा 25 लाख रुपये जारी किए गए हैं। वहीं डीजी एनएचएम ने नए अस्पताल के हर फ्लोर पर पानी की टंकी रखवाने के आदेश दिए।
नेशनल हेल्थ मिशन के डीजी वीके बंसल व कंस्ट्रक्शन डिविजन स्वास्थ्य विभाग के डीजी सूरजभान रविवार को पानीपत पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले सिविल अस्पताल के पुराने भवन का निरीक्षण किया। यहां पर डिलीवरी रूम, एएनसी वार्ड, नर्सरी व ओटी का मुआयना किया। उन्होंने सीएमओ डॉ. संतलाल वर्मा व दूसरे अधिकारियों को पुराने भवन को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यहां पर मरीजों के लिए बेहतर सुविधा होनी चाहिए। इस बिल्डिंग को मदर एंड चाइल्ड केयर यूनिट के रूप में डेवलेप किया जाना है। इसके अलावा कंगारू मदर यूनिट, एनआरसी डेवलेप करने की भी योजना है।
सवाल करते ही डीजी रह गए हैरान
स्वास्थ्य विभाग द्वारा अस्पताल के पुराने भवन की मरम्मत के लिए 25 लाख रुपये की ग्रांट जारी की गई है। अमर उजाला ने डीजी एनएचएम वीके बंसल से बिल्डिंग के करीब 40 साल पुरानी होने की जानकारी दी और बताया कि पीडब्ल्यूडी के अनुसार किसी भी भवन की मियाद 50 साल तक होती है। ऐसे में इस बिल्डिंग पर पैसा लगाकर मरीजों के लिए सुविधा देना रिस्की होगा। डीजी एनएचएम वीके बंसल ने बताया कि मुझे इसकी जानकारी नहीं थी। ऐसा है तो इस बिल्डिंग की पीडब्ल्यूडी से जांच कराई जाएगी।
डीजी नई बिल्डिंग को लेकर ठेकेदार से बोले एक माह और बढ़ा दें
डीजी एनएचएम वीके बंसल और डीजी कंस्ट्रक्शन हेल्थ सूरजभान ने पुरानी बिल्डिंग के बाद अस्पताल के नए भवन का मौका मुआयना किया। उन्होंने दो सौ बेड के अस्पताल के निर्माण कार्य में लगे ठेकेदार से बातचीत की। उन्होंने ठेकेदार से पूछा कि नए अस्पताल का काम 28 फरवरी तक किया जाना है। अगर वे काम पूरा नहीं कर पाते हैं तो इसको लेकर एक माह और बढ़ा दें। ठेकेदार ने कहा कि उसने चार सौ लोगों की टीम लगा रखी है। वह निर्धारित समय पर स्वास्थ्य विभाग को बिल्डिंग सौंप देगा। इसके बाद आगामी जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग की रह जाएगी।
दोनों अधिकारी पानी की बोतल देखकर बोले हर फ्लोर पर होगी टंकी
दोनों अधिकारी पुराने व नए अस्पताल का दौरा करने के बाद नए अस्पताल के भवन में पहुंचे। यहां पर कुछ देर अधिकारियों के साथ बातचीत की। सीएमओ डॉ. संतलाल वर्मा ने पानी लाने की कही। अधिकारियों के सामने पानी की बोतल लाकर रख दी। इस पर दोनों अधिकारी बोले की नई बिल्डिंग में पीने के पानी के प्रबंधों की कमी नजर लगती है। उन्होंने नई बिल्डिंग के हर फ्लोर के लिए अलग से पानी की टंकी की व्यवस्था करने के आदेश दिए। दोनों अधिकारियों ने इसके बाद सीएमओ व डिप्टी सीएमओ की बैठक लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
------
सिविल अस्पताल के पुराने व नए भवन का मौका देखा है। पुराने अस्पताल का भवन काफी पुराना बताया गया है। इसकी पीडब्ल्यूडी से जांच कराएंगे। इसकी कैपेसिटी बचती है तो इसमें स्वास्थ्य सेवाओं को शुरू कर दिया जाएगा। दो सौ बेड का नया अस्पताल भी जल्द ही कंपलीट हो जाएगा। इसके बाद मरीजों को इलाज व डॉक्टरों के लिए परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
- वीके बंसल, डीजी, एनएचएम।