मतलौडा। ऊंटला गाव निवासी एक महिला से कनाडा भेजने के नाम पर उसके पति के बुआ के लड़के ने 20 लाख रुपये हड़प लिए और सात लाख रुपये का चेक भी अपने पास रख लिया। पीड़िता ने रुपये वापस मांगे तो उसको जान से मारने की धमकी दी गई। आईजी करनाल के आदेश पर मतलौडा थाना पुलिस ने छिछड़ाना वासी दंपती के खिलाफ धोखाधड़ी व जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
ऊंटला गांव वासी नीतू ने पुलिस को बताया कि वह कनाडा जाना चाहती थी। उसके पति सुरेंद्र की बुआ का लड़का संदीप व उसकी पत्नी पूजा वासी छिछड़ाना लोगों को विदेश भेजने का काम करते हैं। उसके पति व परिजनों ने संदीप से कनाडा भेजने बारे बात की तो उसने 27 लाख रुपये खर्च बताया। उसके पति ने पिछले साल करीब 11 लाख रुपये ऑनलाइन कई बार संदीप की पत्नी पूजा और नौ लाख रुपये संदीप के खाते में ट्रांसफर किए। इसके अलावा कुछ नकद दिए गए और सात लाख रुपये का चेक दिया गया। उन्होंने उनसे कार्रवाई के बारे पूछा तो जल्दी ही काम होने का आश्वासन दिया। नीतू ने आरोप लगाया कि आखिर आरोपी संदीप ने उसे धमकी दी कि अगर उससे दोबारा रुपये मांगे या इस बारे पुलिस को शिकायत दी तो अच्छा नहीं होगा। उन्होंने सात लाख रुपये का बैंक चेक कैंसिल करवाया।