मतलौडा। जोशी गांव में गुड्डी ने जिससे प्रेम विवाह किया उसी ने शराब के नशे में पीट पीटकर उसकी जान ले ली। गुड्डी के शरीर पर चोट के 20 से अधिक निशान मिले हैं।
छाती व गर्दन पर भी चोट के निशान हैं। पुलिस ने आरोपी पति राजू को गांव जोशी से ही गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। बुधवार को उसे कोर्ट में पेश कर उससे वारदात में प्रयुक्त डंडा बरामद करने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। शामली स्थित समसपुर गांव के सहेंद्र ने बताया कि वह परिवार के साथ सनौली खुर्द गांव में किराए पर रहता है। वह एक बेटे व तीन बेटियों का पिता है। उसकी बेटी गुड्डी (29) ने चार माह पहले जोशी गांव के राजू से प्रेम विवाह किया था। पहले तो उन्होंने इस पर ऐतराज जताया था, बाद में उन्होंने इसे स्वीकार कर लिया। अब गुड्डी अपने मायके में आती जाती थी। गुड्डी अक्सर कॉल पर उन्हें बताती थी कि राजू शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता है। उन्हें सोमवार देर शाम को सूचना मिली थी कि राजू ने गुड्डी की पिटाई कर दी है। वह सूचना मिलते ही जोशी गांव पहुंचे। यहां गुड्डी का शव फर्श पर पड़ा मिला।
ग्रामीणों ने बताया कि राजू अक्सर शराब पीकर गुड्डी के साथ झगड़ा व मारपीट करता था। पड़ोसियों के बीच बचाव कराने पर राजू उनके साथ भी गाली गलौज करता था। इसलिए पड़ोसी उसके घर में हस्तक्षेप नहीं करते थे। रविवार रात को राजू शराब के नशे में घर आया। उसने गुड्डी की लाठी डंडों से बुरी तरह पिटाई की। देर रात तक उसको पीटता रहा। गुड्डी बेसुध हो गई। पड़ोसियों ने इसकी की सूचना मतलौडा थाना पुलिस को दे दी। जब पुलिस यहां पहुंची तो राजू नशे की हालत में गुड्डी के पास बैठा था। गुड्डी तड़प रही थी । गुड्डी ने पुलिस के सामने ही दम तोड़ दिया था। अतिरिक्त थाना प्रभारी, मतलौडा महाबीर सिंह ने बताया कि आरोपी राजू को गांव से ही गिरफ्तार किया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। बुधवार को उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। उससे वारदात में प्रयुक्त डंडा बरामद किया जाना है।