गैस सिलिंडर में लगी आग, शादी का सामान जला, युवक भी झुलसा
पानीपत। गांव सिवाह के एक घर में घरेलू सिलिंडर में आग लग गई। कुछ ही पल में आग इस कद्र बढ़ गई कि कुछ ही देर में घर पर रखा विवाह समारोह का सामान जल कर राख हो गया। साथ ही इसमें एक युवक भी झुलस गया। आग बढ़ती देख दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची व करीब 25 मिनट की मश्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं आग में झुलसे युवक को सामान्य अस्पताल ले जाया गया। जहां वो उपचाराधीन है।
सिवाह गांव में शुक्रवार सुबह सवा नौ बजे घरेलू गैस सिलेंडर में आग लग गई। जिससे रेगुलेटर लगा रहे युवक के कपड़ों ने आग पकड़ ली। उसके चाचा ने आग बुझाने की कोशिश की तो वह भी आग की चपेट में आ गया। विकास ने बताया कि वह शुक्रवार सुबह गांव में स्थित गैस एजेंसी से सिलेंडर लाया था। सिलेंडर घर लाकर जैसे ही उसने रेगुलेटर लगाया तो एकाएक आग भड़क गई। इससे पहले वह कुछ समझता उसके कपड़ों में आग लग चुकी थी। वह दौड़ते हुए रसोई से बाहर निकला और आग बुझाने की कोशिश की। बात नहीं बनी तो कपड़े उतार दिए। लेकिन तब तक उसका मुंह, हाथ और पैर जल चुके थे। वहीं चाचा सुभाष ने आग बुझाने की कोशिश की तो उसके भी हाथ जल गए। परिजन अंदर पहुंचे तो कमरों में भी आग फैल चुकी थी। आग के कारण हजारों रुपये का सामान जलने का अनुमान लगाया जा रहा है।
शादी का जला सामान, 10 हजार की नकदी भी जली:
परिजनों ने बताया कि आगामी 6 जनवरी को विकास की बहन प्रियंका कौर की शादी है। शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी है। खरीदारी करके काफी सामान घर में रखा था। लेकिन आग के कारण सारा सामान जलकर राख हो गया। वहीं विकास भी कल कश्मीर से लौटा था। हादसे के दौरान उसकी जेब में पड़ी 10 हजार की नकदी भी जल गई।